Ranchi(Akhilesh Kumar) : राजधानी रांची के नामकुम बाजार के पास शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दो पिकअप वाहनों को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों से 15 गौवंश बरामद किये हैं। प्रारंभिक जांच में दो गौवंश मृत पाये गये, जबकि अन्य को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खबर है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि बुंडू की ओर से कुछ वाहनों में गौवंशों को लेकर रांची की तरफ जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कार्यकर्ता नामकुम बाजार के पास पहुंचे और दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोककर उनकी जांच की।
बजरंग दल का आरोप है कि वाहनों में गौवंशों को कथित रूप से अमानवीय ढंग से ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तुरंत नामकुम थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर मौजूद चालक उमेश यादव और सुमन कुमार के भागने की कोशिश करने का दावा किया गया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुलिस के पहुंचने तक रोके रखा। सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सभी गौवंशों के साथ थाना ले गई। पुलिस के अनुसार, पकड़े गये लोगों से पूछताछ के आधार पर संजय कुमार और अरशद कुरैशी को भी हिरासत में लिया गया है। थानेदार रामनारायण सिंह ने बताया कि बरामद गौवंशों में से दो की मौत हो चुकी थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गौवंशों का परिवहन वैध था या नहीं तथा वाहनों के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, संजय कुमार, उमेश यादव और सुमन कुमार पंडरा स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी के निवासी हैं, जबकि अरशद कुरैशी कांटाटोली का रहने वाला है। बजरंग दल के रांची महानगर संयोजक विक्रम साहू ने प्रशासन से गौ-तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई के दौरान संगठन के विक्की, दीपक, किट्टू, शुभम, रितेश, सोनू सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : टेम्पू से गिरे मासूम को कुचला, बचाने दौड़ी मां भी ल’हूलु’हान…
इसे भी पढ़ें : रांची के DC बोले, नहीं चलेगी लापरवाही…
इसे भी पढ़ें : 2027 विधानसभा चुनावों के लिए पहली लिस्ट जारी… देखें
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी में भाजपा का ‘मशाल मार्च’… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : भारत ने रचा इतिहास, पहली बार इस खेल में मिला गोल्ड…







