UP : ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 13 साल के सुधांशु की हत्या की कहानी जितनी दर्दनाक है, उतनी ही सिहराने वाली भी। जिस पिता की गोद में बच्चा सबसे सुरक्षित होता है, उसी पर बेटे की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। बुधवार रात करीब 9 बजे, आठवीं कक्षा का छात्र सुधांशु घर के बाहर नंगे पैर खेल रहा था। तभी उसका पिता प्रदीप भाटी उसे बहलाकर अपनी कार में बैठाकर ले गया। परिवार को लगा कि पिता-बेटा साथ हैं, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने कार में ही रस्सी से बेटे का गला कस दिया। जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड पर बच्चे के पैरों की मिट्टी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सुधांशु ने आखिरी वक्त तक बचने की कोशिश की थी। वह तड़पा, संघर्ष किया, लेकिन बच नहीं सका।
तालाब में फेंक दी लाश, फिर शुरू हुआ ‘नाटक’
हत्या के बाद आरोपी ने गांव के बाहर तालाब में शव फेंक दिया और घर लौट आया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि उसने पत्नी और भाइयों से ऐसे पूछताछ शुरू कर दी, जैसे उसे बेटे के बारे में कुछ पता ही न हो। वह ग्रामीणों के साथ सुधांशु को खोजने का नाटक भी करता रहा। देर रात तक बेटा घर नहीं लौटा तो परिवार परेशान हो गया। अगले दिन चाचा मोहित ने गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी शाम तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने पानी में एक शव उतराता देखा। ग्रामीण पहुंचे तो पता चला कि वह सुधांशु का शव था। परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर पहुंचते ही आरोपी पिता अपने ही भाइयों पर बेटे के अपहरण और हत्या का आरोप लगाने लगा। लेकिन पुलिस को उसके व्यवहार पर शक हुआ।
CCTV ने खोला हत्या का राज
जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली, तो कहानी पलट गई। फुटेज में प्रदीप बेटे के साथ कार में जाता दिखा, लेकिन करीब दो घंटे बाद अकेले लौट आया। इसके बाद पुलिस का शक यकीन में बदल गया। पूछताछ में फंसता देख आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह किया और कहा कि बेटा दोस्त के घर है। लेकिन जब पुलिस उसे साथ लेकर वहां पहुंची, तो उसने भागने की कोशिश की और ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में सामने आया कि करीब दो बीघा जमीन और दुकान निर्माण को लेकर प्रदीप का भाइयों से विवाद चल रहा था। जांच में सामने आया है कि करीब एक करोड़ रुपये की जमीन को लेकर प्रदीप का अपने भाइयों से विवाद चल रहा था। पुलिस का दावा है कि भाइयों को फंसाने के इरादे से उसने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CCTV और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे हत्याकांड की परतें खोलने में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : खुशखबरी! अब इस स्टेशन पर भी रुकेगी हावड़ा-पटना वंदे भारत… जानें
इसे भी पढ़ें : घर में अकेली युवती… और फिर बंद हो गया दरवाजा…
इसे भी पढ़ें : जमीन खरीद-बिक्री के बदल गये नियम… जानें
इसे भी पढ़ें : यूपी में कल मंत्रिमंडल विस्तार, 6 नये चेहरे लेंगे मंत्री पद की शपथ
इसे भी पढ़ें : शराब की महफिल, माहौल बेकाबू और फिर मिली ला’श… देखें वीडियो







