Chouparan : सावन की दस्तक से पहले ही चौपारण की धरती भक्ति और उत्साह के रंग में रंगने लगी है। गांव-गांव में रथयात्रा को लेकर लोगों की आंखों में एक अजीब से उमंग, तरंग और उत्साह है। आगामी जुलाई माह में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर शनिवार देर शाम सियरकोनी स्थित बैद्यनाथ नगर के श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में एक बड़ी बैठक हुई। बैठक में चौपारण, इटखोरी, मयूरहंड और बरही क्षेत्र से पहुंचे करीब पांच सौ प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में इस वर्ष की रथयात्रा को अब तक का सबसे यादगार और ऐतिहासिक आयोजन बनाने का संकल्प लिया।
भक्ति, संस्कृति का महापर्व बनेगी रथयात्रा
बैठक में मुख्य अतिथि और रथयात्रा प्रबंधन समिति के संरक्षक विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौपारण की रथयात्रा आज झारखंड के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी का अद्भुत संगम है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है और आने वाले समय में यह परंपरा क्षेत्र के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगी। विधायक ने आयोजन समिति को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे समिति अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने कहा कि रथयात्रा को सफल बनाने के लिये व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य गांव-गांव जाकर लोगों को आयोजन से जोड़ रहे हैं और हर घर तक पहुंचकर सहयोग हासिल किया जा रहा है। उनका विश्वास है कि इस वर्ष की रथयात्रा पिछले सभी आयोजनों के रिकॉर्ड तोड़ देगी। रथयात्रा संयोजक अभिषेक सिंह ने बैठक में तीन दिवसीय आयोजन की पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर विस्तृत तैयारी की जा रही है। वहीं समिति सचिव राजदेव यादव ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की। उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि बैठक में आये सुझावों को गंभीरता से लागू किया जायेगा, जबकि कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता ने जनसहयोग को आयोजन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
तीन दिनों तक उत्सव में डूबा रहेगा पूरा इलाका
आयोजक प्रमुख एवं मुखिया बिनोद सिंह ने कहा कि रथयात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र उत्सव में डूब जाता है। श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों की गूंज और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचायेंगे। चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने कहा कि हर वर्ष चतरा और हजारीबाग जिले से हजारों श्रद्धालु इस रथयात्रा में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अब केवल चौपारण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का केंद्र बन चुका है। उन्होंने समिति के साथ अपने निरंतर सहयोग का भरोसा भी दोहराया। आयोजकों का दावा है कि इस बार रथयात्रा में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसी को देखते हुये व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बैठक को उदय राणा, राकेश रंजन, गुरुदेव गुप्ता, रमेश ठाकुर, रामस्वरूप पासवान, सहदेव यादव, रामचंद्र सिंह, बीरेंद्र रजक, विकास सिंह, सुमन सिंह, रामदहीन सिंह, गुडन सिंह, श्यामु सिंह, टुनी सिंह, आदित्य सिंह, मनोज सिंह, राम रक्षा सिंह, अरविंद सिन्हा, मोहन साहू समेत अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को जोड़ने और सामूहिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन से मिले नये महाधिवक्ता…
इसे भी पढ़ें : महापौर को भेंट किये 150 झाड़ू और 20 डस्टबिन…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, नशा पूरे परिवार और समाज को तबाह करता…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम से पहले अलर्ट मोड में गढ़वा पुलिस…
इसे भी पढ़ें : रांची पुलिस ने DPS के स्टूडेंट को दिया जागरूकता का मंत्र…














