Ranchi : रांची के नामकुम इलाके में लगातार बंद घरों को निशाना बनाकर लोगों की नींद उड़ाने वाले संगठित चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की बड़ी चोरी मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल उर्फ अहमद राजा उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में एक ज्वेलर्स दुकान संचालक को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस की कार्रवाई में भारी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी, हथियार और अन्य सामान बरामद हुये हैं। इस खुलासे के बाद शहर में सक्रिय चोरी के नेटवर्क को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आये हैं।
बंद घर बना निशाना, लाखों के जेवर और नकदी उड़ाई
बीते 27 मई को नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बगान निवासी दीपक कुमार उर्फ पिंटू के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, महंगी घड़ी और 30 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया था। इससे पहले भी नामकुम समेत शहर के कई इलाकों में बंद घरों में चोरी की घटनायें सामने आ चुकी थीं। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुये रांची पुलिस ने चोरों को खोज निकालने के लिये स्पेशल टीम बनाई थी। यह टीम सीनियर DSP (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में बनाई गई। गठित टीम ने टेक्निकल सेल की मदद से गिरोह के सरगना शेख अफरोज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और चोरी के जेवर बेचकर प्राप्त एक लाख रुपये नकद भी बरामद किये गये।
6 से 7 अपराधियों का गिरोह चलाता था सरगना
पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किये हैं। उसने स्वीकार किया कि वह 6-7 अपराधियों का गिरोह बनाकर बंद घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। गिरोह मुख्य रूप से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान को निशाना बनाता था। चोरी के बाद सामान को कम कीमत पर बेच दिया जाता था और प्राप्त राशि गिरोह के सदस्यों में बांट दी जाती थी। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि चोरी के अधिकांश जेवर लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स में बेचे जाते थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दुकान में छापेमारी की, जहां से लगभग 212 ग्राम सोना और 18 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। पुलिस का आरोप है कि चोरी के जेवरों को गलाकर नये आभूषण तैयार कर दिये जाते थे। मामले में महारानी ज्वेलर्स के संचालक कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार शेख अफरोज एक आदतन अपराधी है और रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 15 से अधिक आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। सदर थाना, नामकुम थाना, लोअर बाजार थाना और रेल थाना में उसके खिलाफ चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की खोज में छापामारी जारी है।
रांची में बंद घरों का ‘बेताज बादशाह’ अरेस्ट, सोना और 18 किलो चांदी बरामद… देखें वीडियो #RanchiNews #NamkumTheftCase #RanchiPolice #TheftGangBusted pic.twitter.com/h2b2JPGZSN
— KohramLive (@KohramLive) June 15, 2026
इसे भी पढ़ें : अमेरिका-ईरान रिश्तों में पिघली बर्फ, शांति समझौते पर डिजिटल मुहर…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में एक ही रात में 23 वांटेड धरा गये…
इसे भी पढ़ें : मैदान पर भड़के वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंकाई खिलाड़ियों से हुई तीखी नोकझोंक…
इसे भी पढ़ें : CRPF 172वीं बटालियन का 23वां स्थापना दिवस, सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां…
इसे भी पढ़ें : रांची में घरेलू कामगारों की रैली कल…














