Ranchi : झारखंड में कहीं आसमान में बादलों की बारात सज रही है, तो कहीं सूरज अपने तेवर दिखाने पर आमादा है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी ने राज्य के लोगों को एक साथ राहत और सावधानी दोनों का संदेश दिया है। आज राजधानी रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं मेघ गर्जन और ठनका भी गिरे। दूसरी ओर पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी गई है।
रांची-बोकारो में बादलों की छांव
रांची के मौसम विभाग के अनुसार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। कुछ जगहों पर दमदार बारिश हुई। इधर कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी बादलों की मौजूदगी के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी रही। चाईबासा और आसपास के इलाकों में उमस से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गरजेंगे बादल, चमकेगी बिजली, तेज हवा भी करेगी परेशान
मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिये आज येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चल सकती हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी है।
पलामू-गढ़वा-चतरा में हीट वेव का खतरा
जहां राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी अभी भी लोगों की परीक्षा ले रही है। मौसम विभाग ने 25 जून को इन जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
25 और 26 जून को भी जारी रहेगा मौसम का यही मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 और 26 जून को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाये रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश होगी और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। अनुमान है कि 28 जून से बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे मानसून की रफ्तार मजबूत होगी। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। हालांकि कुछ इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। गुजरे 24 घंटों के दौरान डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। सरायकेला में 38.3 डिग्री, जमशेदपुर में 38 डिग्री और चाईबासा में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक रहा।
खूंटी में सबसे ज्यादा बरसे बादल
बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटों में खूंटी सबसे आगे रहा, जहां 33 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जमशेदपुर में 7.8 मिमी, सरायकेला में 5 मिमी और लोहरदगा में 2.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बेहद सीमित रहीं।


इसे भी पढ़ें : गुड़गांव से गायब हुआ ट्रक, देवघर में मिला पूरा खजाना…
इसे भी पढ़ें : सरकारी अस्पतालों में बच्चे के जन्म पर मिलेगा तोहफा, चौंक जायेंगे आप…
इसे भी पढ़ें : “मां, हम अभी आते हैं, ” और फिर कभी नहीं लौटे दो दोस्त…
इसे भी पढ़ें : तीस्ता किनारे दिखा दुर्लभ मेहमान,पहचान होते ही बढ़ी हलचल…
इसे भी पढ़ें : कुछ सेकेंड की फुर्ती ने बचा ली 3 जिंदगियां, वरना…












