Dumka : दुमका के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र जरुवाडीह गांव में रहनेवाली 24 साल की अनामिका देवी की फांसी के फंदे पर लटकी हालत में लाश मिली। करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह कर अपने सपनों का घर बसाने वाली अनामिका अब इस दुनिया में नहीं है। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं।
रात में हुआ विवाद, सुबह फंदे से लटका मिला शव
खबर है कि बीती रात अनामिका और उसके पति सिकंदर यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों अपने-अपने कमरे में चले गये। रात बीत गई, लेकिन सुबह होते-होते घर में कोहराम मच गया। अनामिका का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
प्रेम कहानी से शुरू हुआ था सफर
कुछ गांव वालों के मुताबिक, करीब दस साल पहले अनामिका ने सिकंदर यादव से प्रेम विवाह किया था। वक्त के साथ परिवार बढ़ा और वह तीन बच्चों की मां बनी। मेहनत-मजदूरी कर उसने परिवार को संभाला और घर बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। लेकिन इसी बीच पति के किसी दूसरी महिला से कथित संबंधों की चर्चा ने परिवार में तनाव पैदा कर दिया था। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर अक्सर विवाद भी होता था। अनामिका के मायके वालों का गंभीर आरोप है कि हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया। मृतका के मामा पंकज साह और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखने के बाद उन्होंने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई। परिजनों का इल्जाम है कि अनामिका पति के कथित अवैध संबंधों का विरोध करती थी और यही उसके लिये जानलेवा साबित हुआ। उनका कहना है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या दिखाने के लिये शव को फंदे से लटका दिया गया। उनका तर्क है कि तीन छोटे बच्चों की मां होने के कारण अनामिका आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। मृतिका के पिता किशन साह के बयान पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत की असल वजह और आगे की कार्रवाई तय होगी।
पति का दावा, पैसों को लेकर हुआ था झगड़ा
वहीं, पति सिकंदर यादव ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उसने मीडिया को बताया कि घर निर्माण के लिये स्वयं सहायता समूह से एक लाख रुपये का ऋण लिया गया था। पत्नी बार-बार खाते से पैसे निकाल रही थी, जिसे लेकर सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। सिकंदर के अनुसार, विवाद के बाद अनामिका बच्चों के साथ कमरे में चली गई और वह अलग खाट पर सो गया। रात में कब और कैसे यह घटना हुई, इसकी उसे जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि मृतिका के पिता ने अवैध संबंध को लेकर हत्या का आरोप लगाया है।
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी में 700 छात्राओं को मिली साइकिल… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : थाने में पति ने लगाई गुहार, फिर पत्नी ने सुनाया ऐसा फैसला कि सब रह गये दंग…
इसे भी पढ़ें : रांची की उस वारदात में आया नया मोड़, जांच में खुल रहे कई राज…
इसे भी पढ़ें : चश्माधारी नाग की ऐसी हालत देख हर कोई रह गया हैरान, फिर…
इसे भी पढ़ें : सुबह 3 बजे घर से निकले थे वासुदेव, कुछ घंटों बाद मिली ऐसी खबर कि मच गया कोहराम…












