Chouparan : संसाधनों की कमी और बड़े शहरों की कोचिंग से दूर रहकर भी अगर लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो, तो कामयाबी जरूर मिलती है। चौपारण प्रखंड के पड़रिया गांव की ननिहाल में रहकर तैयारी करने वाली खुशबू यादव ने इसे सच साबित कर दिखाया है। उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में कामयाबी हासिल कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खुशबू यादव पड़रिया निवासी चिकित्सक डॉ. मोहन यादव की नतनी हैं। उनके पिता उमेश प्रसाद यादव और मां सुनीता देवी फतेहपुर प्रखंड के मनहोना गांव के रहने वाले हैं। खुशबू ने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह है कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, बल्कि ऑनलाइन पढ़ाई और सेल्फ स्टडी के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
गांव से शुरू हुई शिक्षा, मेहनत से मिली सफलता
खुशबू की प्रारंभिक शिक्षा डॉ. बसंत नारायण सिंह उच्च विद्यालय, बसरिया से हुई। इसके बाद उन्होंने राम सहाय उच्च विद्यालय, फतेहपुर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिये उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से संबद्ध जगजीवन कॉलेज, गया से स्नातक किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था। इसी लक्ष्य को सामने रखकर उन्होंने लगातार मेहनत की और आखिरकार सफलता हासिल कर ली। खुशबू के परिवार में शिक्षा और अनुशासन का विशेष माहौल रहा है। उनके भाई वर्तमान में यूपी पुलिस में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के प्रोत्साहन और अपने दृढ़ संकल्प के बल पर खुशबू ने यह उपलब्धि हासिल की। खुशबू की सफलता की खबर मिलते ही पड़रिया, बसरिया, फतेहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसे भी पढ़ें : NBEMS 53 पदों पर निकली वैकेंसी, इनके लिये खास मौका…
इसे भी पढ़ें : आद्रा नक्षत्र का आगमन कल, जुड़ी हैं खास मान्यतायें… जानें
इसे भी पढ़ें : ससुराल जा रहे युवक से लूटमा’र, CCTV खंगाल रही पुलिस…
इसे भी पढ़ें : गढ़वा जेल में योग दिवस के बाद लगी ‘जेल अदालत’…
इसे भी पढ़ें : 30 जून के बाद बंद हो सकती है LPG सब्सिडी, तुरंत करें ये काम, वर्ना…










