- वर्ष 2019-20 में कांग्रेस को मिला 139 करोड़ रुपये से ज्यादा का चंदा
कोहराम लाइव डेस्क : निर्वाचन आयोग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस को 2019-20 में 139 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिला था। पार्टी के सदस्यों की बात करें तो वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने पार्टी कोष में सबसे अधिक तीन करोड़ रुपये का योगदान दिया है। निर्वाचन आयोग ने 2019-20 में कांग्रेस को मिले चंदे से जुड़ी रिपोर्ट को सार्वजनिक किया है।
इसे भी पढ़ें :खेत में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी
मनमोहन सिंह ने एक लाख से ज्यादा और सोनिया ने दिए 50 हजार
निर्वाचन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, ‘आईटीसी और इससे जुड़ी कंपनियों ने 19 करोड़ रुपये से अधिक राशि चंदे में दी। ‘प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट’ ने 31 करोड़ रुपये का चंदा दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2020 के बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 1,08,000 रुपये, जबकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 54,000 और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 50,000 रुपये का चंदा दिया था।
सिब्बल ‘जी23 समूह’ के सदस्य
गौरतलब है कि सिब्बल उन 23 पार्टी सदस्यों में शामिल थे, जिन्होंने अगस्त 2020 में सोनिया गांधी को पत्र लिखकर बड़े संगठनात्मक बदलावों की मांग की थी। इस ‘जी23 समूह’ के अन्य सदस्यों में से आनंद शर्मा, शशि थरूर और गुलाम नबी आज़ाद ने 54-54 हजार रुपये, मिलिंद देवड़ा ने एक लाख रुपये और राज बब्बर ने एक लाख आठ हजार रुपये दान दिए।
इसे भी पढ़ें : सुरक्षाबलों के साथ PLFI नक्सलियों की मुठभेड़, राइफल, पिस्टल और गोलियां बरामद
सिंधिया ने दिए थे 54 जार रुपये
रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस को 20 हजार रुपये से अधिक दान की कुल प्राप्त राशि 139,01,62,000 रुपये है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. के. एंटनी, कुमारी शैलजा और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने भी पार्टी को दान दिया था। पटेल का पिछले वर्ष निधन हो गया। दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी वित्त वर्ष 2019-20 में पार्टी को 54 हजार रुपये दान दिए थे।
गत वर्ष कांग्रेस ने चुनाव आयोग को सौंपा था दस्तावेज
दान से संबंधित दस्तावेज कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को पिछले साल दिसंबर में सौंपा था और इस पर पार्टी के अंतरिम कोषाध्यक्ष पवन बंसल के हस्ताक्षर हैं। अपनी योगदान राशि की रिपोर्ट में बहुजन समाज पार्टी ने कहा कि उसे 20,000 रुपये से ज्यादा का चंदा नहीं मिला।
इसे भी पढ़ें : रांची के DC और SSP ने लिया कोविड का टीका, कहा-अफवाहों पर ध्यान न दें










