Ranchi : पिछले साल नीट परीक्षा में हुये पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्रों के सपनों को झकझोर दिया था। सड़कों पर विरोध प्रदर्शन हुये, अदालतों में बहस चली और कई परिवार चिंता में डूब गये। अब उसी भरोसे को फिर से कायम करने के लिये प्रशासन ने ऐसी तैयारी की है, जिसे अधिकारी खुद “वॉर लेवल ऑपरेशन” बता रहे हैं। 21 जून को होने वाली NEET (UG)-2026 री-एग्जाम को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिये झारखंड में सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया गया है। इस बार प्रश्न पत्रों को भारतीय वायु सेना के विमानों से पहुंचाया गया है,वहीं, कोचिंग संस्थानों से लेकर फोटोकॉपी दुकानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पेपर लीक के बाद अब कोई चूक नहीं
पेपर लीक प्रकरण के बाद रद्द हुई परीक्षा ने पूरे देश में हलचल मचा दी थी। लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े हुये थे। अब दोबारा परीक्षा के लिये 21 जून की तिथि तय की गई है और इस बार किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिये केंद्र और राज्य स्तर पर असाधारण सतर्कता बरती जा रही है। इसी को लेकर 6 जून को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें देशभर के DGP शामिल हुये। बैठक के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं। निर्देश में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किये जायें। प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाये। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, पेजर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सेना के विमान से पहुंचे प्रश्न पत्र
इस बार परीक्षा की गोपनीयता बनाये रखने के लिये भारतीय वायु सेना की मदद ली गई है। प्रश्न पत्र विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच सेना के विमानों से रांची, देवघर और जमशेदपुर एयरपोर्ट पहुंचाए जा रहे हैं। यहीं से इन्हें झारखंड के अलावा बिहार और ओडिशा के कई परीक्षा केंद्रों तक भेजा जायेगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को भी इसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत वापस एयरलिफ्ट किया जायेगा। रांची, देवघर और जमशेदपुर के पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें डाक विभाग के नोडल अधिकारियों और पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करनी होगी। धनबाद के लिये प्रश्न पत्र पश्चिम बंगाल के पानागढ़ एयरपोर्ट से और सिमडेगा के लिये ओडिशा के राउरकेला एयरपोर्ट से लाये जायेंगे। इन जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किये गये हैं।
हर परीक्षा केंद्र में CCTV, हर जिले में फ्लाइंग स्क्वाड
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिये सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे अनिवार्य किये गये हैं। वहीं, प्रत्येक जिले में फ्लाइंग स्क्वाड गठित किये जायेंगे, जो परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी और औचक निरीक्षण करेंगे। दिलचस्प बात यह है कि 21 जून को ही विश्व योग दिवस भी मनाया जायेगा। ऐसे में पुलिस और प्रशासन को दोहरी जिम्मेदारी निभानी होगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाये कि योग दिवस कार्यक्रमों और परीक्षा केंद्रों के बीच किसी प्रकार का व्यवधान न हो तथा परीक्षार्थी समय पर अपने केंद्र तक पहुंच सकें।
इसे भी पढ़ें : बदल रही मंगल की चाल, इन 3 राशियों को रहना होगा बेहद अलर्ट…
इसे भी पढ़ें : TMC के दबंग नेता जहांगीर खान लॉकअप में, छुड़ाने के लिये थाने पर हमला!
इसे भी पढ़ें : अब दुनिया जानेगी झारखंड के हुनर और परंपरा को…जानें कैसे
इसे भी पढ़ें : रांची हाई अलर्ट पर, सादे लिबास में घूम रहे खुफिया अफसर… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन के विजन ने बदली गांवों की तस्वीर और तकदीर…














