Lohardaga : लोहरदगा के कुडू में भारतमाला परियोजना के तहत बन रही एनएच-39 फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य पिछले 36 घंटे से ठप पड़ा था। ढुलुवांखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक बनने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क अचानक विवादों में घिर गई थी। लेकिन बुधवार को प्रशासन और पुलिस की सख्ती के बाद एक बार फिर निर्माण स्थल पर मशीनों की आवाज गूंजने लगी। बीते सोमवार को अचानक एक स्थानीय जनप्रतिनिधि से जुड़े बताये जा रहे 40 से 50 कार्यकर्ता निर्माण स्थल पर पहुंच गये। प्रदर्शनकारियों ने जमीन अधिग्रहण के मुआवजे, स्थानीय मजदूरों को सरकारी दर पर मजदूरी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गरमा गया। इल्जाम है कि कार्यकर्ताओं ने NHAI के कर्मियों और निर्माण कंपनी के अधिकारियों के साथ बदसलूकी की। हाथापाई की घटनाओं के बाद मजदूरों में भय का माहौल बन गया और काम पूरी तरह बंद कर दिया गया।मंगलवार को पूरे दिन निर्माण स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा। करोड़ों रुपये की परियोजना थम सी गई और विकास की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया।
प्रशासन आया मैदान में, अफसरों ने संभाला मोर्चा
बुधवार सुबह जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मजदूरों, NHAI के अधिकारियों और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद मजदूरों ने दोबारा काम शुरू किया और मशीनें फिर से चलने लगीं। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। निर्माण कार्य शुरू होने के कुछ समय बाद एक जनप्रतिनिधि का कथित प्रतिनिधि फिर कार्यस्थल पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने मजदूरों और कर्मियों को काम बंद करने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही कुड़ू के अंचल अधिकारी संतोष उरांव और थानेदार अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद मजदूरों ने अधिकारियों को बताया कि युवक ने उन्हें डराते हुये कहा था कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो सभी को परेशान किया जायेगा। वहीं, मजदूरों का कहना है कि उन्हें सुरक्षा मिलेगी तो वे काम जारी रखेंगे, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने उनके मन में भय जरूर पैदा कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुये निर्माण स्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें : NEET री-एग्जाम के लिये ‘वॉर मोड’ में झारखंड, दाग को धोने की तैयारी…
इसे भी पढ़ें : बदल रही मंगल की चाल, इन 3 राशियों को रहना होगा बेहद अलर्ट…
इसे भी पढ़ें : TMC के दबंग नेता जहांगीर खान लॉकअप में, छुड़ाने के लिये थाने पर हमला!
इसे भी पढ़ें : अब दुनिया जानेगी झारखंड के हुनर और परंपरा को…जानें कैसे
इसे भी पढ़ें : रांची हाई अलर्ट पर, सादे लिबास में घूम रहे खुफिया अफसर… जानें क्यों














