Ranchi : सफर में मिले हर मुस्कुराते चेहरे पर भरोसा करना कभी-कभी कितना घातक हो सकता है। इसकी दर्दनाक मिसाल गुमला के एक सेवानिवृत्त कर्मी के साथ हुई घटना बन गई है। कुछ मिनटों की बातचीत, अपनापन जताने वाले दो-चार शब्द और एक कोल्ड ड्रिंक, बस इतना ही काफी था एक शातिर ठग के लिये, जिसने भरोसे को हथियार बनाया और रिटायर्ड कर्मी की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। यह मामला रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त कर्मचारी सुनील बाखला से जुड़ा है, जिनके बैंक खातों से 77 हजार रुपये निकाल लिये गये। अब पीड़ित न्याय की उम्मीद में पुलिस और प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहे हैं।
“मैं भी गुमला का हूं” सुनकर बढ़ा भरोसा
खबर है कि गुमला निवासी सुनील बाखला किसी निजी काम से रांची गये थे। काम खत्म होने के बाद वे खादगढ़ा बस स्टैंड से ऑटो लेकर ITI बस स्टैंड पहुंचे। यहीं उनकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई। बातों-बातों में जब सुनील ने बताया कि वे गुमला के रहने वाले हैं, तो सामने वाले शख्स ने भी खुद को गुमला के करमटोली का निवासी बताया। एक ही जिले का होने का दावा सुनकर बातचीत बढ़ी और देखते ही देखते अजनबी ने भरोसे की दीवार खड़ी कर ली।
स्लाइस की बोतल बनी साजिश का जरिया
कुछ देर बाद उस व्यक्ति ने कोल्ड ड्रिंक पीने का प्रस्ताव रखा। वह बाजार से स्लाइस की दो बोतलें लेकर आया। एक बोतल उसने खुद पी और दूसरी सुनील को थमा दी। आरोप है कि सुनील को दी गई बोतल में पहले से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ ही देर बाद उन्हें चक्कर आने लगे और वे अर्धबेहोशी की स्थिति में पहुंच गये। बेहोशी की हालत में भी सुनील किसी तरह बस पकड़कर गुमला स्थित अपने घर पहुंच गये। अगले दिन जब उनकी तबीयत कुछ संभली और होश पूरी तरह लौटा, तब उन्हें अपने पर्स के गायब होने का एहसास हुआ। पर्स में बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ATM कार्ड के अलावा कई जरूरी दस्तावेज भी रखे हुये थे।
मोबाइल पर आने लगे मैसेज, उड़ गए 77 हजार रुपये
घटना के अगले दिन उनके मोबाइल पर खाते से रकम निकलने के लगातार संदेश आने लगे। यह देखकर वे घबरा गये और तुरंत बैंक पहुंचे। जब बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया गया तो उनके होश उड़ गये। दोनों खातों से कुल 77 हजार रुपये की निकासी हो चुकी थी। बैंक से उन्हें बताया गया कि ये पूरी रकम रांची के डोरंडा इलाके में स्थित एक ATM से निकाली गई है। इससे साफ है कि ठग ने ATM कार्ड और संभवतः पिन की जानकारी हासिल कर बड़ी आसानी से खाते खाली कर दिये। पीड़ित सुनील बाखला ने गुमला सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि घटना रांची क्षेत्र में होने के कारण उन्हें संबंधित थाना में शिकायत करने की सलाह दी गई है। उन्होंने पुलिस से CCTV फुटेज की जांच कराने, आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
याद रखें ये जरूरी बातें
▶ सफर में किसी अजनबी से खाने-पीने की वस्तु न लें।
▶ ATM कार्ड और पिन की जानकारी गोपनीय रखें।
▶ कार्ड गुम होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें।
▶ खाते से संदिग्ध लेन-देन होते ही हेल्पलाइन और पुलिस से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें : WhatsApp ग्रुप में अ’श्लील वीडियो पोस्ट, चौपारण में मचा ब’वाल…
इसे भी पढ़ें : इस्तीफे का ऐलान कर फूट-फूटकर खूब रोये लालू परिवार के ये करीबी नेता…
इसे भी पढ़ें : बिहार कैबिनेट में 25 प्रस्तावों पर लगी मुहर… जानें
इसे भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : आपसी सहमती से बनाये गये संबंध को चरित्र से जोड़ना गलत…
इसे भी पढ़ें : दिल्ली में INDIA ब्लॉक की महाबैठक, ऑनलाइन जुड़े CM हेमंत सोरेन…









