Ranchi : राजधानी दिल्ली में सोमवार को INDIA ब्लॉक की अहम बैठक में देशभर के 25 राजनीतिक दलों के नेता एक मंच पर जुटे और केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन भी शामिल हुये, हालांकि वे दिल्ली नहीं पहुंच सके और रांची से ऑनलाइन जुड़कर अपनी बात रखी। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने मीडिया को बताया कि राज्यसभा की दो सीटों के लिये महागठबंधन उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और प्रणव झा का नामांकन होना था। इसलिये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का रांची में रहना जरूरी था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया और INDIA ब्लॉक की ओर से पारित सभी प्रस्तावों का समर्थन किया। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा केवल INDIA ब्लॉक का सहयोगी दल नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा, सामाजिक सद्भाव और जनसरोकार के मुद्दों पर लड़ाई लड़ने वाला प्रमुख राजनीतिक योद्धा है। उन्होंने कहा कि झामुमो विपक्षी गठबंधन के हर फैसले और जनहित के मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ा है।
खड़गे ने दी जानकारी, 25 दलों ने की शिरकत
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया को बताया कि INDIA ब्लॉक की इस बैठक में कुल 25 राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुये। पांच राज्यों के चुनाव के बाद आयोजित इस बैठक को विपक्षी राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा था। पश्चिम बंगाल की राजनीति में हालिया घटनाक्रम और तृणमूल कांग्रेस के अंदर उठे राजनीतिक तूफान के बीच TMC प्रमुख ममता बनर्जी की मौजूदगी भी चर्चा का केंद्र बनी रही। विपक्षी दलों ने इस बैठक के जरिये आगामी राजनीतिक रणनीति, संसद के मानसून सत्र और राष्ट्रीय मुद्दों पर साझा रुख तय करने का प्रयास किया।
इन पांच प्रस्तावों पर लगी मुहर
बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के बाद पांच प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
1. चुनावी पारदर्शिता पर सवाल
चुनाव प्रक्रिया और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के संबंध में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखने पर सहमति बनी।
2. पेपर लीक पर केंद्र को घेरने की तैयारी
नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने का फैसला लिया गया।
3. महंगाई-बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे
देश की आर्थिक स्थिति, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को गंभीर बताते हुये केंद्र सरकार से तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की गई।
4. हर दो महीने पर होगी INDIA ब्लॉक की बैठक
विपक्षी एकता को और मजबूत बनाने के लिये हर दो महीने पर INDIA ब्लॉक की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अगली बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में होगी।
5. मानसून सत्र में साझा रणनीति
संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिये नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में नियमित बैठकें आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा रण में ‘नथवाणी एंट्री’ से बढ़ी धड़कनें, झारखंड में दिलचस्प होगा मुकाबला…
इसे भी पढ़ें : सास-दामाद की लव स्टोरी, वीडियो वायरल…
इसे भी पढ़ें : स्टील प्लांट में बड़ा हा’दसा, कई की मौ’त…
इसे भी पढ़ें : शिक्षा व्यवस्था पर DC सख्त, खराब प्रदर्शन पर मांगा जवाब…
इसे भी पढ़ें : भारतीयों से तुरंत देश छोड़ने की अपील, हाई अलर्ट जारी…









