Bihar : गंगा किनारे बसे पटना में रविवार को एक बार फिर नीतीश कुमार का नाम सबसे ज्यादा गूंजता रहा। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की अहम बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर उनके नेतृत्व पर औपचारिक मुहर लगा दी गई। वहीं, राज्य परिषद की बैठक में उमेश कुशवाहा को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने का फैसला भी सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया। बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि जदयू आगे भी विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की उसी राह पर चलेगी, जिसे नीतीश कुमार ने वर्षों पहले तय किया था। डिप्टी CM विजय चौधरी ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता नीतीश कुमार के विचारों और विकास मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संगठन के भीतर आने वाले दिनों में कई बड़े बदलाव और विस्तार देखने को मिल सकते हैं।
निशांत कुमार की मौजूदगी बनी चर्चा का केंद्र
बैठक का सबसे दिलचस्प पहलू रहा निशांत कुमार की सक्रिय मौजूदगी। अब तक राजनीति से दूरी बनाये रखने वाले निशांत को लेकर पार्टी नेताओं के सुर बदले हुये नजर आये।मंत्री लेशी सिंह ने खुलकर कहा कि निशांत अब सक्रिय भूमिका में आ चुके हैं और पार्टी के भविष्य के रूप में उन्हें देखा जा रहा है। उनके इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बैठक में यह फैसला भी लिया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतीश कुमार जल्द ही बिहार के दौरे पर निकलेंगे। वे जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचायेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे।
चुनाव के बाद पहली बड़ी शक्ति-प्रदर्शन बैठक
साल 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद यह जदयू की पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक थी। पटना स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर के पदाधिकारी, प्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुये। पार्टी कार्यालय के बाहर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल था। ढोल-नगाड़ों की थाप, फूल-मालाओं की खुशबू और नीतीश कुमार के समर्थन में गूंजते नारों ने माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग दिया। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव पूरा होने के बाद यह पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण बैठक है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में जदयू का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। पार्टी ने 101 सीटों पर चुनाव लड़कर 85 सीटों पर जीत हासिल की, जो प्रतिशत के लिहाज से अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।
अनंत सिंह की मौजूदगी ने भी खींचा ध्यान
मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह भी बैठक में शामिल होने पहुंचे। अपनी डिफेंडर कार से पार्टी कार्यालय पहुंचे अनंत सिंह ने मीडिया के सवालों पर ज्यादा कुछ नहीं कहा और सीधे बैठक में शामिल हो गये। हालांकि उनकी मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद उमेश कुशवाहा ने बैठक को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने हमेशा देश को नई दिशा दी है। उन्होंने चंपारण सत्याग्रह और लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सम्पूर्ण क्रांति आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार सामाजिक परिवर्तन और राजनीतिक जागरण की भूमि रहा है। ऐसे गौरवशाली प्रदेश में राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक होना पूरे संगठन के लिए गर्व का विषय है।
इसे भी पढ़ें : लंबी दूरी तक कार चलाने की जरूरत नहीं, रेलवे की इस सेवा से भेंजे अपनी गाड़ी…
इसे भी पढ़ें : संडे हो या मंडे, रोज खायें 2 अंडे, कितना मिलता है प्रोटीन… जानें
इसे भी पढ़ें : रेलवे में खिलाड़ियों के लिये निकली वैकेंसी… डिटेल्स जानें
इसे भी पढ़ें : दुनिया के सबसे ताकतवर इंसान ट्रंप का ‘उड़ता हुआ व्हाइट हाउस’, जानें खासियत…
इसे भी पढ़ें : गुरु का पुष्य नक्षत्र में प्रवेश, 61 दिनों तक इन राशियों पर बरसेगी कृपा…










