UP : यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस पत्नी के साथ जिंदगी भर साथ निभाने का वादा किया था, उसी की हत्या कर पति ने शव को घर के अंदर ही दफना दिया। इल्जाम है कि युवक ने कमरे में करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर पत्नी का शव छिपा दिया और उसके ऊपर फर्श करा दी। वहीं, आरोपी उसी जगह चारपाई डालकर सोता भी रहा। पुलिस को गुमराह करने के लिये उसने पत्नी के लापता होने की शिकायत भी दर्ज करा दी।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला हत्या का राज
यह मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चक मझारी गांव का है। यहां करीब डेढ़ महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली 20 साल मुफीदन की हत्या का मामला सामने आया है। मुफीदन की मां सफीदुनिशा को जब बेटी के लापता होने की जानकारी मिली तो उन्होंने पति शमशेर, उसके पिता नीबर और सास खुशबूनिशा के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुये पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जब घर की जांच की तो कमरे की कच्ची जमीन पर नई लिपाई देखकर शक हुआ। खुदाई कराई गई तो करीब छह फीट नीचे मुफीदन का शव बरामद हुआ।
मुंबई में हुई थी मुलाकात, फिर प्रेम विवाह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डुमरियागंज क्षेत्र के चक मझारी गांव निवासी शमशेर मुंबई में मजदूरी करता था। वहीं उसकी मुलाकात संतकबीरनगर के दुधारा थाना क्षेत्र के दसया गांव निवासी मजहर से हुई। वह मजहर के घर आना-जाना शुरू कर दिया। इसी दरम्यान शमशेर की मजहर की बेटी मुफीदन से दोस्ती हो गई, जो बाद में प्रेम में बदल गई। दोनों परिवारों की सहमति के बाद इसी साल 1 जून को दोनों का निकाह हुआ था।
शक ने बिगाड़ दिया रिश्ता
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। शमशेर को शक था कि उसकी पत्नी किसी और से फोन पर बात करती है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और मामला कथित तौर पर हत्या तक पहुंच गया। इधर, ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पति के व्यवहार में कोई घबराहट नजर नहीं आई। उसने शव को घर में दफनाने के बाद उसी कमरे में रहना जारी रखा। पुलिस का कहना है कि छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव दफनाना अकेले व्यक्ति के लिये मुश्किल है। आशंका है कि परिवार के अन्य लोगों ने भी इस वारदात में मदद की होगी। मृतका की मां के बयान पर पुलिस ने पति शमशेर, उसके पिता और मां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मुफीदन ने जिस रिश्ते के लिये अपने परिवार को मनाया था, वही रिश्ता उसकी जिंदगी का अंत बन गया। प्रेम से शुरू हुई कहानी कुछ ही दिनों में शक, विवाद और फिर एक भयावह अपराध में बदल गई। अब पुलिस इस मामले में फरार पत्नीहंता की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की परतें खोलने में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : TB मरीजों के लिये देवदूत बनी ये कंपनी, एक साल तक देगी…
इसे भी पढ़ें : बाहर आते ही माधुरी ग्रोवर ने खोले जेल के अंदर के राज…
इसे भी पढ़ें : भारत टेक्स-2026 में छाया झारखंड: GI टैग वालों ने दुनिया तक बिखेरा हुनर का जादू…
इसे भी पढ़ें : अंशुला कपूर की शादी में दिखे अक्षय खन्ना, फोटो वायरल…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन से मिले DRM, दिया न्योता…








