Kohramlive : रेल यात्रियों के लिये टिकट बुकिंग के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्री द्वारा छात्रों से किये गये वादे को तय समय पर पूरा करते हुये IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन बुधवार को लॉन्च कर दिया गया। नई वेबसाइट को फिलहाल यात्रियों के लिये ट्रायल के तौर पर उपलब्ध कराया गया है। यात्री इसका इस्तेमाल कर नये डिजाइन, सुविधाओं और बुकिंग प्रक्रिया को अनुभव कर सकेंगे और अपने सुझाव भी दे पायेंगे।
नया डिजाइन, आसान सफर की तैयारी
नई IRCTC वेबसाइट को खास तौर पर यूजर एक्सपीरियंस बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें आसान नेविगेशन, साफ-सुथरा इंटरफेस, कम स्टेप्स में टिकट बुकिंग, और यात्रियों के लिये ज्यादा सुविधाजनक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। बताया जा रहा है कि वेबसाइट में सुधार के लिये सुझाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों ने रेल मंत्री के साथ बातचीत के दौरान दिये थे।
रोजाना लाखों टिकट बुक होते हैं
IRCTC वेबसाइट की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग होती है। इतने बड़े यात्री आधार को ध्यान में रखते हुये नई वेबसाइट को अधिक तेज और सुविधाजनक बनाया गया है।
नई वेबसाइट में हुये ये 4 बड़े बदलाव
1. कैप्चा और पॉप-अप से राहतः अब यात्रियों को बार-बार परेशान करने वाले अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स से राहत मिलेगी।
2. सीट उपलब्धता की जानकारी एक जगहः अब यात्रियों को सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता की जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से दिखाई देगी।
3. टिकट बुकिंग होगी तेजः बुकिंग प्रक्रिया के दौरान जरूरी स्टेप्स को कम किया गया है, जिससे टिकट खरीदने की पूरी प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज होगी।
4. दोबारा बुकिंग में नहीं भरनी होगी पूरी जानकारीः यात्रियों के लिये सेव किये गये पैसेंजर डिटेल्स की सुविधा दी गई है। इससे बार-बार यात्रा करने वालों को हर बार पूरी जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यूजर फीडबैक से और बेहतर होगी वेबसाइट
IRCTC ने बताया कि बीटा वर्जन से मिलने वाले यात्रियों के सुझावों के आधार पर वेबसाइट में आगे और सुधार किये जायेंगे। आने वाले समय में इसे नये पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से भी जोड़ा जायेगा।
रेलवे सिस्टम भी हो रहा अपग्रेड
रेलवे पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी आधुनिक बना रहा है। यह सिस्टम कई ट्रेन बुकिंग प्लेटफॉर्म को सपोर्ट करता है, इसलिये इसे अपग्रेड करना बड़ी चुनौती थी। नया रिजर्वेशन इंजन शुरू होने के बाद कुछ ही हफ्तों में यात्रियों को IRCTC का पूरी तरह नया पोर्टल उपलब्ध कराने की तैयारी है।
इसे भी पढ़ें : जेल में घुसा सांप और कैदी को डंसा, मचा तहलका…
इसे भी पढ़ें : रिसेप्शन में पहुंचे CM हेमंत सोरेन, नवदंपति को दिया आशीर्वाद…
इसे भी पढ़ें : पत्नी की ह’त्या कर कमरे में दफनाया और वहीं चारपाई डाल सोता रहा…
इसे भी पढ़ें : TB मरीजों के लिये देवदूत बनी ये कंपनी, एक साल तक देगी…
इसे भी पढ़ें : बाहर आते ही माधुरी ग्रोवर ने खोले जेल के अंदर के राज…








