Kohramlive : दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिये ईस्ट जोन की टीम में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाये जाने पर क्रिकेट जगत में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस फैसले पर सवाल उठाये हैं। हर्षा भोगले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वह यह समझ नहीं पा रहे हैं कि वैभव सूर्यवंशी को सीनियर रेड-बॉल टीम का उपकप्तान बनाने के पीछे क्या सोच रही होगी। उन्होंने लिखा कि वैभव ने अब तक 12 पारियों में 17.25 की औसत से 207 रन बनाये हैं। उनकी प्रतिभा असाधारण है, लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट में उनका सफर अभी शुरुआती दौर में है और नेतृत्व की जिम्मेदारी देना जल्दबाजी लगता है।
रेड-बॉल क्रिकेट में अभी लंबा सफर बाकी
वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही IPL और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हालांकि, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका अनुभव अभी सीमित है। उन्होंने अब तक आठ प्रथम श्रेणी मैचों में 207 रन बनाये हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 93 रन रहा है। यही वजह है कि दलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उन्हें उपकप्तानी सौंपने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। ईस्ट जोन की टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के हाथों में होगी, जबकि वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान की भूमिका निभायेंगे। उम्मीद है कि वैभव अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं, ईस्ट जोन की टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार भी शामिल हैं। उनके रहने से टीम का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत नजर आ रहा है। इसके अलावा शाहबाज अहमद, अनुकूल रॉय और अन्य युवा खिलाड़ी भी टीम को संतुलन प्रदान करेंगे।
ईस्ट जोन की टीम
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप घरामी, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, शाहबाज अहमद, सूरज जायसवाल, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, शुभ्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और डेनीश दास।















