Dhanbad : धनबाद शहर की सड़कों की बदहाली से परेशान लोग रविवार को सड़क पर उतर आये। गोल बिल्डिंग भुइफोड़ से बलियापुर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़क पर झलका। जर्जर सड़क, गहरे गड्ढों और रोज की परेशानियों से तंग आकर लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल स्थायी मरम्मत की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि यह सड़क अब सड़क कम और गड्ढों की लंबी कतार ज्यादा बन चुकी है। दोपहिया हो या चारपहिया, हर वाहन चालक को यहां संभलकर चलना पड़ता है। राहगीरों के लिये भी यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
धूल-कीचड़ ने बढ़ाई मुश्किलें
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे रहने वाले परिवारों की मुश्किलें भी कम नहीं हैं। धूप में उड़ती धूल और बारिश में फैलने वाला कीचड़ लोगों का जीना मुश्किल कर देता है। ऊपर से भारी वाहनों की लगातार आवाजाही ने सड़क की हालत को और बिगाड़ दिया है। लोगों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ गड्ढों में मिट्टी और डस्ट डालकर खानापूर्ति कर दी गई। जैसे ही बारिश होती है, सारी मरम्मत बह जाती है और सड़क फिर उसी बदहाल हालत में पहुंच जाती है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर आये दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। गहरे गड्ढों और खराब सड़क के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही सड़क का स्थायी पुनर्निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो उनका आंदोलन और व्यापक होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि अस्थायी मरम्मत छोड़कर इस महत्वपूर्ण सड़क का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाये। लोगों का कहना है कि यह सड़क सिर्फ एक रास्ता नहीं, बल्कि हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी की लाइफलाइन है। इसलिये अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर काम शुरू होता हुआ देखना है।
इसे भी पढ़ें : सेकंड-हैंड कार खरीदने-बेचने वालों पर पुलिस की नजर, क्या है वजह… जानें
इसे भी पढ़ें : बिहार की 339 ट्रेनें रद्द, 384 गाड़ियों के रूट में बदलाव…
इसे भी पढ़ें : पति को मार डाला, बच्चों की एक कॉल ने खोल दिया पूरा राज…
इसे भी पढ़ें : वर्दी पर लगा कलंक का टीका, ₹6 लाख लेने के बाद छोड़ा थाने से…
इसे भी पढ़ें : थाली छोड़ हथेली पर रोटी, वीडियो वायरल…







