Ranchi: कभी अपनी धरती के नीचे छिपे खजाने से पहचाना जाने वाला झारखंड अब अपनी सोच, शोध और तकनीकी ताकत से नई पहचान गढ़ने की तैयारी में है। राजधानी दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन के समापन सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऐसा ही विजन सामने रखा। उन्होंने साफ कहा कि अब वक्त आ गया है जब झारखंड ‘माइंस’ से ‘माइंड्स’ की ओर कदम बढ़ाये और देश-दुनिया में रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीक का मजबूत केंद्र बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिर्फ आज की नहीं, आने वाले कई दशकों की नींव रख रही है। लक्ष्य ऐसा झारखंड बनाना है, जहां प्रतिभा को मंच मिले, नवाचार को रफ्तार मिले और युवाओं को अपने ही राज्य में भविष्य दिखाई दे।
14 बड़े समझौते, विकास की नई उड़ान
कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिये 14 महत्वपूर्ण MOU पर हस्ताक्षर किये। जिंदल ग्रुप, वरुण बेवरेजेस, टाटा समूह, गूगल, ईज माय ट्रिप, जनरल स्टील, पावर न्यूक्लियर समेत कई बड़ी राष्ट्रीय और वैश्विक संस्थायें इस पहल से जुड़ीं। विभिन्न विभागों की नई ड्राफ्ट नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इन MOU को केवल कागज पर हुये समझौते के रूप में नहीं देखा जाना चाहिये। यह झारखंड के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ नीतियां नहीं बना रही, बल्कि संभावनाओं के नये दरवाजे खोल रही है।
शॉर्टकट नहीं, लंबी साझेदारी पर भरोसा
CM हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि सरकार तात्कालिक योजनाओं के बजाय दीर्घकालिक साझेदारी पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर जमीन पर उतारा जाये, ताकि लोगों को उसका सीधा लाभ मिल सके।
आदिवासी समाज को विकास की मुख्य धारा में लाने पर जोर
CM हेमंत सोरेन ने जियाडा (JIADA) की औद्योगिक नीति में आदिवासी समुदाय को दी जा रही 25 प्रतिशत रियायत का जिक्र करते हुये कहा कि इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाये। उनका कहना था कि झारखंड की असली ताकत उसका आदिवासी समाज है और विकास की हर राह में उसकी भागीदारी सबसे आगे होनी चाहिये। CM हेमंत सोरेन ने माना कि पहले बेहतर संवाद के अभाव में झारखंड की वास्तविक ताकत दुनिया तक नहीं पहुंच सकी। अब सरकार देश और विदेश के निवेशकों, उद्योग जगत और तकनीकी विशेषज्ञों से लगातार संवाद बनाये रखेगी, ताकि राज्य की संभावनाएं वैश्विक मंच तक पहुंचें।
‘जोहार’ के साथ दिया साझेदारी का संदेश
अपने संबोधन के अंत में CM हेमंत सोरेन ने सभी केंद्रीय मंत्रियों, उद्योग प्रतिनिधियों, तकनीकी विशेषज्ञों, निवेशकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘जोहार’ कहकर सभी को झारखंड के विकास की इस नई यात्रा का सहभागी बनने का आमंत्रण दिया।
इसे भी पढ़ें : ट्रेन के फर्स्ट AC केबिन को ‘हनीमून सुइट’ बना डाला, TTE सस्पेंड…
इसे भी पढ़ें : PF खाताधारकों के लिये बड़ी खुशखबरी… जानें
इसे भी पढ़ें : ट्रंप बोले, ईरान की हिट लिस्ट में सबसे ऊपर हूं, ताबड़तोड़ ह’मले…
इसे भी पढ़ें : हॉस्टल में काल बनकर घुसा करैत, एक की मौ’त, तीन छात्राओं को डंसा…
इसे भी पढ़ें : दादा का फिर बजा डंका, चमका सौरव गांगुली का नाम…








