Ranchi : वाराणसी से रांची आ रही रेखा बस बिहार के औरंगाबाद जिले में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक फार्मा कर्मी की जान चली गई, वहीं, 22 यात्री लहूलुहान हो गये। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के पास हुआ, जब तेज रफ्तार बस सड़क निर्माण कार्य में लगी एक डंपर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 साल के बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। विवेक सिंह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के काम से अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ रांची आ रहे थे। दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल विवेक सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
रात नौ बजे शुरू हुआ सफर, सुबह दो बजे बन गया हादसा
जानकारी के अनुसार, रेखा बस सोमवार रात करीब नौ बजे वाराणसी से रांची के लिये रवाना हुई थी। लेकिन मंगलवार तड़के करीब दो बजे पहारचापी मोड़ के पास अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस आगे चल रहे डंपर ट्रक से जा भिड़ी। क्कर के बाद घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी। कई लोग सीटों में फंस गये थे और बाहर निकलने के लिये मदद की गुहार लगा रहे थे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरे और अफरातफरी के बीच ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उपचार के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर तथा सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। बेतरह जख्मी वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री को विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। मृतक के सहयोगी आशु पटेल ने पुलिस को बताया कि हादसे की सूचना विवेक सिंह के परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा।
इसे भी पढ़ें : राजधानी रांची में ब्लूप्रिंट तैयार, पुलिस अफसरों को मिले नये टास्क…
इसे भी पढ़ें : सेहत का खजाना हैं ये 5 काली चीजें, फायदे जान रह जाएंगे हैरान…
इसे भी पढ़ें : Intermittent Fasting: तेजी से घटेगा वजन या बिगड़ सकती है सेहत? जानिए पूरी सच्चाई…
इसे भी पढ़ें : ‘कोई माई का लाल कानून से नहीं खेल सकता’, CM की खुली चेतावनी…
इसे भी पढ़ें : प्यार चुना, तो अपनों ने छोड़ दिया साथ! जिंदा बेटी का कर दिया पिंडदान…














