Bihar : बिहार में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा और सख्त संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में अपराधियों के लिये अब कोई जगह नहीं बचेगी। जो लोग कानून को चुनौती देंगे, उन्हें 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और कानून से ऊपर कोई नहीं है।
फुलवारी शरीफ के नदियामा गांव में आयोजित सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम रहेगा। अपराध और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के चारों ओर ऐसे राज्य हैं जहां अपराधियों के लिये हालात आसान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अब अपराध करने वालों के पास बचने के विकल्प लगातार कम होते जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिले और अपराधियों में कानून का डर बना रहे।
उन्होंने हाल ही में सामने आये एक वीडियो का जिक्र करते हुये कहा कि किसी अपराधी द्वारा पुलिसकर्मी को हथियार दिखाकर धमकाना बेहद गंभीर मामला है। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।
कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिये लगातार कदम उठाये जा रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई स्पीडी ट्रायल व्यवस्था का उल्लेख करते हुये कहा कि अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने की दिशा में सरकार और मजबूती से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य में कोई भी व्यक्ति कानून से खिलवाड़ नहीं कर सकता। पुलिस और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य की हर बेटी और महिला को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में हर आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार
मुख्यमंत्री ने बिहार के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण घोषणायें की। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुये विशेष कॉरिडोर विकसित किये जायेंगे, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
इन प्रमुख स्थलों का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि मां मुंडेश्वरी मंदिर, हरिहरनाथ मंदिर, विष्णुपद मंदिर, नालंदा और विक्रमशिला महाविहार जैसे प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का व्यापक विकास किया जायेगा। इन स्थानों पर सड़क, परिवहन, ठहरने और अन्य पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाया जायेगा।
पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
सरकार का मानना है कि धार्मिक पर्यटन के विस्तार से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही युवाओं के लिये रोजगार और स्वरोजगार के नये अवसर भी पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार विकास, सुरक्षा और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत हो, महिलायें सुरक्षित महसूस करें और पर्यटन के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिले।
इसे भी पढ़ें : प्यार चुना, तो अपनों ने छोड़ दिया साथ! जिंदा बेटी का कर दिया पिंडदान…
इसे भी पढ़ें : शिक्षक आत्महत्या मामले में बड़ा एक्शन, BSA शालिनी गिरफ्तार…
इसे भी पढ़ें : RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने का प्रयास, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात…
इसे भी पढ़ें : NEET परीक्षा से पहले Telegram बैन, हाईकोर्ट पहुंची कंपनी…
इसे भी पढ़ें : ब्लड शुगर कंट्रोल में मददगार हो सकता है करेला जूस, जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ…














