Ranchi : राजधानी रांची में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अब पहले से ज्यादा एक्टिव रहेगी। रांची पुलिस कप्तान ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता का भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता। पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित इस अहम बैठक में नगर, ग्रामीण और ट्रैफिक SP के साथ सभी DSP, थानेदार और ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।
थानों को जनता के और करीब लाने की कवायद
बैठक में इस बात पर खास जोर दिया गया कि थाना केवल शिकायत दर्ज करने का केंद्र नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का सबसे मजबूत ठिकाना बने। सभी थानेदारों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से आम लोगों से संवाद स्थापित करें और पुलिस-पब्लिक संबंधों को और मजबूत बनायें। SSP राकेश रंजन ने साफ कहा कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों और जेल से बाहर आये लोगों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाये। निगरानी और डोजियर प्रस्तावों में तेजी लाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में चेन स्नैचिंग, चोरी, गृहभेदन, अवैध हथियारों के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर चिंता जताई गई। सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
रात में सड़कों पर दिखेगी पुलिस की मौजूदगी
रांची की रातें अब और सुरक्षित बनाने की तैयारी है। रात्रिकालीन गश्ती को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये गये हैं। पुलिस पदाधिकारी स्वयं रात में क्षेत्र भ्रमण करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे ताकि अपराधियों के हौसले पस्त रहें।
गुमशुदा बच्चों और महिलाओं के मामलों पर विशेष फोकस
गुमशुदा व्यक्तियों और बच्चों से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर जल्द से जल्द बरामदगी और ट्रेसिंग सुनिश्चित की जाये। वहीं, बच्चों से जुड़े संवेदनशील पॉक्सो मामलों को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। अनुसंधान में तेजी लाने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिये आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये गये।
लंबित वारंट को निपटाने का आदेश
लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, जमानत और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया ताकि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक के अंत में SSP ने दो टूक कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था का संधारण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : सेहत का खजाना हैं ये 5 काली चीजें, फायदे जान रह जाएंगे हैरान…
इसे भी पढ़ें : Intermittent Fasting: तेजी से घटेगा वजन या बिगड़ सकती है सेहत? जानिए पूरी सच्चाई…
इसे भी पढ़ें : ‘कोई माई का लाल कानून से नहीं खेल सकता’, CM की खुली चेतावनी…
इसे भी पढ़ें : प्यार चुना, तो अपनों ने छोड़ दिया साथ! जिंदा बेटी का कर दिया पिंडदान…
इसे भी पढ़ें : शिक्षक आत्महत्या मामले में बड़ा एक्शन, BSA शालिनी गिरफ्तार…














