Garhwa : खुशियों का संदेश लेकर आई एक बहन को क्या पता था कि शादी का न्योता कुछ ही मिनटों में मातम में बदल जायेगा। जिस घर में रिश्तों की मिठास की उम्मीद थी, वहां देखते ही देखते खून बहने लगा। गढ़वा के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप लिया कि एक महिला की जान चली गई और उसका बेटा लहूहुहान हो गया। यह घटना मझिगांव गांव के अकड़हवा टोला (मुसहरवा डेरा) की है, जहां देवर उदय मुसहर ने अपनी ही सगी भाभी उर्मिला मुसहर की नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मां को बचाने दौड़ा 16 साल के बेटा अर्जुन मुसहर को भी नहीं बख्शा। उसे भी मारकर लहूलुहान कर दिया।
शादी का न्योता और फिर शुरू हुआ झगड़ा
सूत्रों के अनुसार, 44 साल की उर्मिला मुसहर की बहन अपने घर में होने वाली शादी का न्योता देने आई थी। घर में शादी की चर्चा चल रही थी। इसी दौरान शादी में जाने और न जाने की बात को लेकर उर्मिला और उसके देवर उदय मुसहर के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बिगड़ गई कि गुस्से में बेकाबू उदय मुसहर ने घर में रखा नुकीला हथियार उठा लिया। इसके बाद अपनी भाभी उर्मिला पर लगातार कई वार किये। हमला इतना अचानक और गंभीर था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उर्मिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं और घर में चीख-पुकार मच गई।
मां को बचाने दौड़ा बेटा, उसे भी नहीं बख्शा
मां की चीख सुनकर 16 साल के अर्जुन मुसहर दौड़कर बीच-बचाव करने पहुंचा। लेकिन गुस्से में अंधे हो चुके आरोपी ने अपने भतीजे पर भी हमला कर दिया। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर गहरे जख्म आये हैं और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे मुसहरवा डेरा में मातम पसर गया। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जिसने भी यह मंजर देखा, उसकी रूह कांप उठी। एक छोटे से पारिवारिक विवाद ने देखते ही देखते पूरे परिवार को तबाह कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले घायल अर्जुन को तत्काल अपने सरकारी वाहन से इलाज के लिये कांडी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी उदय मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : DGP तदाशा मिश्र बोली, क्रिमिनलों और गैंगस्टरों की रीढ़ की हड्डी तोड़ दें…
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में जजों ने थामी पर्यावरण बचाने की मुहिम…
इसे भी पढ़ें : अयोध्या की तर्ज पर चौपारण में बनेगा राम मंदिर…
इसे भी पढ़ें : मांगे थे 50 लाख, घेराबंदी में धरा गया उग्रवादी नेटवर्क… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : बिहार में आठ सीटों पर तय हुआ नया फार्मूला…







