Chouparan : वर्षों से संजोया गया एक सपना अब हकीकत की शक्ल लेने जा रहा है। चौपारण की धरती पर जल्द ही भगवान श्रीराम का एक भव्य और आकर्षक मंदिर आकार लेगा। शुक्रवार को साहू भवन परिसर के समीप प्रस्तावित भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। श्री राम मंदिर विकास समिति और राजस्थान के प्रसिद्ध शिल्पकार पूरन जी के बीच मंदिर निर्माण को लेकर औपचारिक एग्रीमेंट किया गया। इस अवसर पर मंदिर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों के लिये अग्रिम राशि भी प्रदान की गई।
अयोध्या की तर्ज पर होगा निर्माण
मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सुनील साहू और सचिव बीरबल साव ने बताया कि चौपारण में बनने वाला श्रीराम मंदिर अयोध्या के भव्य राम मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित होगा। मंदिर की डिजाइन, नक्काशी और कलात्मक स्वरूप को विशेष रूप से आकर्षक बनाने के लिये राजस्थान के अनुभवी शिल्पकारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण पूरी तरह पिंक स्टोन (गुलाबी पत्थर) से किया जायेगा, जिससे इसकी भव्यता और खूबसूरती देखते ही बनेगी।
राजस्थान से आएंगे पांच ट्रक गुलाबी पत्थर
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर निर्माण में करीब पांच ट्रक पिंक स्टोन लगने का अनुमान है। सभी पत्थर राजस्थान से मंगाये जायेंगे और वहां के कुशल कारीगर उन्हें बारीकी से तराशकर तैयार करेंगे। पत्थरों पर पारंपरिक भारतीय शिल्पकला की झलक दिखाई देगी, जो मंदिर को विशेष पहचान देगी। मंदिर निर्माण की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। समिति ने बताया कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा। इसके लिये आवश्यक संसाधनों और तकनीकी तैयारियों पर तेजी से काम चल रहा है। समिति के सदस्यों का कहना है कि यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं होगा, बल्कि चौपारण की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। मंदिर बनने से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं के लिये एक नया आस्था केंद्र तैयार होगा। मंदिर निर्माण की खबर से इलाके के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय श्रद्धालु इसे चौपारण के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय मान रहे हैं।
समाज के सहयोग से साकार होगा सपना
समिति ने भरोसा जताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और भगवान श्रीराम की कृपा से यह महत्वाकांक्षी परियोजना जल्द ही धरातल पर दिखाई देगी। मंदिर निर्माण में समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग मिल रहा है, जिससे लोगों की भागीदारी और उत्साह लगातार बढ़ रहा है।इस अवसर पर पूर्व उपप्रमुख सीताराम साहू, कोषाध्यक्ष रामनारायण साव, अमित साहू, प्रमोद कुमार, चेतलाल साव, मुनेश्वर गुप्ता, विकास गुप्ता, शिवम कुमार, आशीष गुप्ता समेत समिति के कई सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : मांगे थे 50 लाख, घेराबंदी में धरा गया उग्रवादी नेटवर्क… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : बिहार में आठ सीटों पर तय हुआ नया फार्मूला…
इसे भी पढ़ें : झारखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनों का बदला रूट, जून भर रखना होगा खास ध्यान…
इसे भी पढ़ें : सांप के डंसने के बाद झाड़फूंक के चक्कर में चली गई जा’न…
इसे भी पढ़ें : कांग्रेस-झामुमो आमने-सामने, झामुमो बोला, दोनों सीटों पर हमारा हक…







