Chouparan : चौपारण की पावन धरती एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा के रंग में रंगने जा रही है। फलाहारी बाबा के आश्रम सह श्री हनुमंत सेवा संस्थान परिसर में आयोजित होने वाले चौथे बैकुंठ उत्सव को लेकर पूरे इलाके में आध्यात्मिक उत्साह का माहौल है। जहां कभी बाबा की तपस्या और रामनाम की ध्वनि गूंजती थी, वहीं अब हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का सागर उमड़ने को तैयार है।
21 मई को अखंड रामचरितमानस पाठ
आयोजन समिति के अनुसार, 21 मई को अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ होगा। पूरे वातावरण में चौपाइयों, भजनों और रामनाम की गूंज सुनाई देगी। भक्तों का मानना है कि बाबा की कुटिया में बैठकर रामचरितमानस सुनना आत्मा को अद्भुत शांति देता है। उत्सव के दूसरे दिन यानी 22 मई को हवन, पूर्णाहुति और विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जायेगा। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाला महाभंडारा श्रद्धालुओं के आगमन तक लगातार चलता रहेगा। आयोजकों का कहना है कि दूर-दराज के गांवों और जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने की संभावना है। इस मौके पर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण योजना और भव्य तोरण द्वार का उद्घाटन सांसद मनीष जायसवाल तथा बरही विधायक सह लोक लेखा समिति के सभापति मनोज कुमार यादव द्वारा किया जायेगा। यह सौंदर्यीकरण योजना बाबा की तपोभूमि को और अधिक भव्य एवं आकर्षक रूप देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रामभक्ति में डूबे थे फलाहारी बाबा
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, फलाहारी उर्फ आलू बाबा भगवान राम के परम भक्त थे। मां भद्रकाली मंदिर और बिगहा गढ़काली मंदिर उनकी प्रमुख तपोभूमि रही है। अपने अनन्य भक्त आनंद चंद्रवंशी और अन्य श्रद्धालुओं के सहयोग से बाबा ने यहां हनुमान मंदिर की स्थापना की थी और महायज्ञ की परंपरा शुरू की, जो आज भी निरंतर जारी है। बताया जाता है कि बाबा ने बिगहा में ही समाधि ली थी।
उनके समाधि स्थल और कुटिया में स्थापित प्रतिमा के दर्शन के लिये हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
भक्त जुटे तैयारी में
संस्थान के अध्यक्ष आनंद चंद्रवंशी और सचिव कुमार राहुल ने बताया कि आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। पूरे आयोजन को सफल बनाने में मनीष सिन्हा, संजय सिंह, रामचंद्र सिंह, बलराम यादव, नीरज चंद्रवंशी, सिवेश सिंह, अरुण कुमार, बिनोद सिंह, सियाराम केशरी, प्रकाश साहु, प्रेम चंद्रवंशी, संतोष अग्रवाल, पंकज कुमार, भोला प्रजापति, राहुल केसरी, अंकित केसरी, प्रवीण केसरी, मिथुन शर्मा, वीरेंद्र सिंह, बालमुकुंद पांडे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण जुटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : SDM का औचक छापा, खुला बड़ा राज…
इसे भी पढ़ें : अब ज्यादा बच्चे पैदा करो, सरकार देगी ईनाम… कितना जानें
इसे भी पढ़ें : CCTV ने खोला राज, दो अरेस्ट…
इसे भी पढ़ें : कोर्ट के बाहर गैंगस्टर को ठोक डाला…
इसे भी पढ़ें : CBSE ने दी बड़ी राहत… जानें क्या






