Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के मेराल प्रखंड में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। SDM संजय कुमार ने पचफेड़ी स्थित “विशाल ऑनलाइन सेंटर” पर औचक छापेमारी कर ऐसे सबूत बरामद किये हैं, जिन्होंने प्रशासन को भी चौंका दिया।
‘कॉफी विद SDM’ में लगातार मिल रही थी शिकायत
SDM संजय कुमार ने बताया कि उनके साप्ताहिक जनसंवाद कार्यक्रम “कॉफी विद SDM” में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ तथाकथित प्रज्ञा केंद्र और फर्जी CSC सेंटर अवैध तरीके से सरकारी दस्तावेज तैयार कर रहे हैं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुये विशेष अभियान चलाया गया और इसी दौरान विशाल ऑनलाइन सेंटर पर छापा मारा गया। मामले की जांच के लिए मेराल अंचल अधिकारी यशवंत नायक, CSC मैनेजर मनीष कुमार और थाना प्रभारी विष्णुकांत की तीन सदस्यीय टीम बनाई गई। टीम ने केंद्र में पहुंचकर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की।
लैपटॉप, मोबाइल, चैट रिकॉर्ड और बैंक डिटेल जब्त
छापेमारी के दौरान केंद्र से लैपटॉप, मोबाइल फोन, संदिग्ध व्हाट्सऐप चैट, बैंक खातों की जानकारी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये गये। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी केवल नाम और जन्मतिथि लेकर व्हाट्सऐप पर जानकारी साझा करते थे और कुछ ही समय में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार होकर भेज दिया जाता था।
एक फर्जी सर्टिफिकेट के लिए वसूले जाते थे हजारों
मोबाइल से मिले स्क्रीनशॉट और चैट रिकॉर्ड से खुलासा हुआ कि हर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के बदले ₹1000 से ₹1400 तक वसूले जाते थे। जांच में मेराल के गोंदा निवासी एक युवक और पलामू के पंजरी गांव के एक व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि डालटनगंज सदर अस्पताल के माध्यम से बड़ी संख्या में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किये गये।
अवैध तरीके से लगाया गया था CSC का मोनोग्राम
जांच में यह भी सामने आया कि “विशाल ऑनलाइन सेंटर” पर CSC का मोनोग्राम लगाया गया था, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार यह अधिकृत केंद्र नहीं था। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुये केंद्र को सील कर दिया है।
लोगों से सावधान रहने की अपील
SDM ने लोगों से अपील की है कि जन्म, जाति, आय और निवास जैसे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज बनवाने के लिए किसी अनधिकृत केंद्र या बिचौलिये के झांसे में न आयें और केवल सरकारी मान्यता प्राप्त प्रक्रिया का ही पालन करें। फिलहाल मामले की विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें : अब ज्यादा बच्चे पैदा करो, सरकार देगी ईनाम… कितना जानें
इसे भी पढ़ें : CCTV ने खोला राज, दो अरेस्ट…
इसे भी पढ़ें : कोर्ट के बाहर गैंगस्टर को ठोक डाला…
इसे भी पढ़ें : CBSE ने दी बड़ी राहत… जानें क्या
इसे भी पढ़ें : रांची में फिर PLFI के नाम से दहशत






