रांची : हजार बारह सौ में बिकने वाली ऑक्सीजन फ्लो मीटर ऊंची कीमत लेकर बेचने वाले दवा दुकानदार वेद किशोर तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह ऑक्सीजन फ्लो मीटर पांच हजार रुपये में प्रति पीस बेचा जा रहा था। मां भवानी एजेंसी नामक यह दुकान कोतवाली थाना क्षेत्र के श्रद्धानंद रोड में है। दुकानदार तिवारी के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोतवाली एएसपी मुकेश ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दवा दुकानदार वेद किशोर तिवारी ऊंची कीमत लेकर ऑक्सीजन फ्लो मीटर बेच रहा है। इसके बाद पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि दुकानदार रंगेहाथ पकड़ा गया। एक महिला आज दोपहर ऑक्सीजन फ्लो मीटर लेने मां भवानी एजेंसी में गई। तब महिला को एक पीस की कीमत पांच हजार बतायी गयी। यह सुन महिला दंग रह गई। ऑक्सीजन फ्लो मीटर की असली कीमत बाजार में हजार से 12 सौ रुपए तक है।
इसके बाद यह मामला कोतवाली एएसपी तक पहुंचा। उन्होंने महिला को सुझाव दिया कि वह दो ऑक्सीजन फ्लो मीटर खरीदें और इसका भुगतान ऑनलाइन करें। 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मुकेश 3 महीना पहले ही कोतवाली एएसपी पद पर अपना योगदान दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि इसी तरह ऊंची कीमत लेकर दवा बेचने के मामले में एक अन्य दवा दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है।
Read More : झारखंड ने दो और पत्रकारों को खोया, मृत्युंजय श्रीवास्तव और अतुल वर्मा का निधन
Read More : बिहार में शादी पर रोक नहीं, DJ पर बैन… जानिये बिहार का नया Guideline








