Garhwa : गढ़वा में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान DC ने एक-एक इंडिकेटर की समीक्षा करते हुये साफ कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मियों पर नाराजगी जताते हुये उन्होंने तत्काल स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों (BEEO) और बीपीओ को कार्यालय में बैठने के बजाय नियमित रूप से स्कूलों का फील्ड निरीक्षण करने और शिक्षकों व छात्रों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
दोहरे नामांकन पर कसा जायेगा शिकंजा
बैठक में सरकारी स्कूलों में फर्जी नामांकन का मामला भी उठा। जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा और जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने बताया कि बिना यू-डाइस कोड वाले कई निजी स्कूल आपार आईडी बनवाने के लिए बच्चों का सरकारी स्कूलों में भी नामांकन करा देते हैं। बच्चे पढ़ते निजी स्कूल में हैं, लेकिन रिकॉर्ड सरकारी स्कूल में रहता है। इससे जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ भी गलत तरीके से मिल रहा है।
इस पर DC ने निर्देश दिया कि अभिभावकों को आपार आईडी की सही जानकारी दी जाये। इसके बावजूद यदि छात्र सरकारी स्कूल में लगातार अनुपस्थित रहते हैं तो उनका नाम काटने का प्रस्ताव भेजा जाये।
‘Garhwa Learns, Garhwa Leads’ से बदलेगी तस्वीर
जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिये ‘Garhwa Learns, Garhwa Leads’ अभियान शुरू किया गया है। ‘डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन इनोवेशन चैलेंज’ के तहत बनी इस कार्ययोजना के लिये जिला स्तर पर विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके तहत मिशन रेड अलर्ट, गढ़वा स्पीक्स, स्मार्ट क्लास फॉर ए स्मार्टर माइंड, परख, पीएम पोषण और ग्रीन स्कूल-क्लीन स्कूल समेत नौ प्रमुख गतिविधियों पर काम होगा। उद्देश्य बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना, ड्रॉपआउट रोकना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
PM-पोषण योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में पीएम-पोषण (मिड-डे मील) योजना की भी समीक्षा की गई। DC ने मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी घोषणा की कि हर प्रखंड के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी स्कूलों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जायेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज समेत शिक्षा विभाग के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : रिटायरमेंट से पहले ही लग गया बड़ा दाग…
इसे भी पढ़ें : पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एक साथ 100 से ज्यादा अधिकारी… देखें लिस्ट
इसे भी पढ़ें : किचन की यह छोटी-सी चीज आपको कर सकती है बीमार…
इसे भी पढ़ें : तीन राज्यों में उपचुनाव का हुआ ऐलान, इस रोज वोटिंग… जानें
इसे भी पढ़ें : शादी से पहले होने वाली दुल्हन लापता…








