Kohramlive : घर की रसोई सिर्फ खाना बनाने की जगह नहीं, पूरे परिवार की सेहत का आधार होती है। लेकिन अक्सर हम किचन की सफाई तो करते हैं, मगर जिस स्पंज या झाबे से रोज बर्तन धोते हैं, उसी पर ध्यान देना भूल जाते हैं। साफ-सुथरा दिखने वाला यही झाबा, अगर समय पर नहीं बदला जाये, तो बैक्टीरिया का घर बन सकता है और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं की वजह भी।
आखिर झाबे में बैक्टीरिया क्यों पनपते हैं?
बर्तन धोने वाला स्पंज ज्यादातर समय गीला रहता है। उसमें खाने के छोटे-छोटे कण फंस जाते हैं और नमी बनी रहती है। यही माहौल बैक्टीरिया को तेजी से बढ़ने का मौका देता है। अगर इस्तेमाल के बाद स्पंज को अच्छी तरह धोकर और सुखाकर नहीं रखा जाये, तो उसमें गंदगी और कीटाणु तेजी से जमा होने लगते हैं। एक ही स्पंज से सभी तरह के बर्तन साफ करने पर उसमें मौजूद बैक्टीरिया दूसरे बर्तनों और किचन की सतहों तक पहुंच सकते हैं। इससे भोजन भी दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिये लंबे समय तक एक ही झाबे का इस्तेमाल करने से बचना चाहिये।
कितने दिन में बदल देना चाहिये स्पंज?
अगर आपके घर में रोज ज्यादा बर्तन धुलते हैं, तो स्पंज को करीब 7 दिन में बदल देना बेहतर माना जाता है। सामान्य इस्तेमाल होने पर 8 से 10 दिन के भीतर नया स्पंज ले लेना अच्छा रहता है। वहीं, कम इस्तेमाल होने पर भी 15 दिन से ज्यादा एक ही झाबे का उपयोग नहीं करना चाहिये। अगर स्पंज से बदबू आने लगे, उसका रंग बदल जाये, वह चिपचिपा महसूस हो या टूटने लगे, तो बिना देर किये उसे बदल देना चाहिये। ऐसे स्पंज का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिये ठीक नहीं माना जाता।
स्पंज को साफ रखने के आसान उपाय
- हर बार इस्तेमाल के बाद स्पंज को साफ पानी से अच्छी तरह धोएं।
- समय-समय पर कुछ मिनट के लिए गर्म पानी में भिगो दें।
- इस्तेमाल के बाद अच्छी तरह निचोड़कर सूखने के लिए रखें।
- धूप निकलने पर कुछ देर धूप में रखने से भी नमी कम होती है।
- स्पंज को हमेशा गीला छोड़ने से बचें, क्योंकि नमी में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं।
छोटी-सी सावधानी आपके किचन को ज्यादा साफ और पूरे परिवार को ज्यादा सुरक्षित रख सकती है। इसलिये अगली बार बर्तन धोते समय झाबे की हालत पर भी जरूर नजर डालिये।
इसे भी पढ़ें : तीन राज्यों में उपचुनाव का हुआ ऐलान, इस रोज वोटिंग… जानें
इसे भी पढ़ें : शादी से पहले होने वाली दुल्हन लापता…
इसे भी पढ़ें : रांची में रेड, पूर्व MLC अरेस्ट…
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर कांड : मुख्य आरोपी की फोटो जारी कर इनाम का हुआ ऐलान…
इसे भी पढ़ें : अब अदालत खुद चली लोगों के द्वार…








