Ranchi : धरती, प्रकृति और खेती से जुड़ी आदिवासी संस्कृति की अनमोल परंपरा एक बार फिर रांची के मिसिर गोंदा में जीवंत हुई। बिरसा विकास जन कल्याण समिति, मिसिर गोंदा के बैनर तले आज आषाढ़ी पूजा का आयोजन पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया गया। मौजा के पाहन बिरसा मुंडा और बुद्धिजीवी चिलगु उरांव के नेतृत्व में अखड़ा एवं देवी मड़ई में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान पारंपरिक पूजा पद्धति के अनुसार बकरा और मुर्गे की बलि देकर गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
बारिश, फसल और खुशहाली के लिये मांगी मन्नत
मौजा के पाहन बिरसा मुंडा और बुद्धिजीवी चिलगु उरांव ने कहा कि आषाढ़ी पूजा आदिवासी जीवन का अभिन्न हिस्सा है। आदिवासी समाज का जीवन कृषि और प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पूजा के माध्यम से गांव में अच्छी और समय पर बारिश की कामना की जाती है। फसलों की बेहतर पैदावार की प्रार्थना की जाती है। गांव में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे, इसकी कामना होती है। रोग-दुख दूर हों और समाज में एकजुटता कायम रहे, इसके लिये देवी मड़ई से आशीर्वाद मांगा जाता है।
सदियों पुरानी परंपरा को निभा रहा आदिवासी समाज
समिति के अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि आषाढ़ी पूजा आदिवासी समाज की सदियों पुरानी परंपरा है, जो आज भी पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि आषाढ़ माह शुरू होने के बाद राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में यह पूजा आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य उन्नत कृषि, फसलों के संरक्षण-संवर्धन, पर्याप्त बारिश और प्राकृतिक बाधाओं से बचाव की कामना करना है। आषाढ़ी पूजा में गांव के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा और रीति-रिवाज के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एतवा मुंडा, सुरेश टोप्पो, जगन्नाथ उरांव, अजय उरांव, जितवा उरांव, गंगा कच्छप, कृष्णा उरांव, ललित लिंडा, सुरेश बांडो, जय बांडो, राजा नायक, बसंती कुजूर, शांति उरांव, पुतुल कच्छप, लीला उरांव, मुनी उरांव, तारा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में एक BLO बर्खास्त…
इसे भी पढ़ें : रांची में अब बोरिंग कराना नहीं होगा आसान, पहले लेनी होगी…
इसे भी पढ़ें : रांची में 4 किलो चांदी और 60 ग्राम सोना ले उड़े बदमाश…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी में सजा ‘सेहत का मेला’… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : फ्लोरेंस एक्सीलेंस छात्रवृत्ति परीक्षा में 256 स्टूडेंट ने आजमाई किस्मत… देखें वीडियो








