Bihar : बिहार के युवाओं के लिये रोजगार और स्वरोजगार का एक नया रास्ता खुल गया है। अगर आप कम पूंजी में अपना काम शुरू करना चाहते हैं और किसी भरोसेमंद सरकारी व्यवस्था से जुड़कर कमाई करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिये है। रेल डाक सेवा (RMS) के मुजफ्फरपुर ‘यू’ मंडल ने डाक सेवाओं के विस्तार के लिये पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत युवा अपने गांव, कस्बे या मोहल्ले में डाकघर की फ्रेंचाइजी लेकर आय का स्थायी स्रोत बना सकते हैं। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें भारी निवेश की जरूरत नहीं है। फ्रेंचाइजी के लिये चयनित होने के बाद आवेदक को केवल 10 हजार रुपये की सुरक्षा निधि जमा करनी होगी। यह राशि किसान विकास पत्र (KVP) या राष्ट्रीय बचत पत्र (NSC) के रूप में जमा कराई जायेगी। डाक विभाग का मानना है कि इससे सेवा संचालन में जवाबदेही और पारदर्शिता बनी रहेगी।
अब गांव-गांव पहुंचेगी डाक विभाग की सुविधा
आज भी बिहार के कई गांव ऐसे हैं, जहां लोगों को स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री या पार्सल भेजने के लिये कई किलोमीटर दूर डाकघर जाना पड़ता है। डाक विभाग की नई पहल का मकसद ऐसे ही इलाकों तक सेवाएं पहुंचाना है, जहां नियमित डाकघर उपलब्ध नहीं हैं। रेल डाक सेवा ‘यू’ मंडल के अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने मीडिया को बताया कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के पास ही डाक सेवाओं का लाभ मिलेगा। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं, छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार की तलाश कर रहे लोगों के लिये यह योजना किसी अवसर से कम नहीं है। फ्रेंचाइजी मिलने के बाद युवा अपने ही क्षेत्र में डाक सेवाओं का संचालन कर सकेंगे और कमीशन आधारित आय अर्जित कर पायेंगे।
फ्रेंचाइजी मिलने पर कौन-कौन सी सेवायें दे सकेंगे?
फ्रेंचाइजी धारकों को डाक विभाग की कई महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित करने का अधिकार मिलेगा। जैसे, स्पीड पोस्ट बुकिंग, रजिस्टर्ड डाक बुकिंग, पार्सल बुकिंग, डाक टिकट और राजस्व टिकट की बिक्री, डाक विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार। यानी आपके छोटे से केंद्र पर लोगों को लगभग डाकघर जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
आवेदन के साथ कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। जैसे, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक पहचान एवं सत्यापन संबंधी दस्तावेज।
यहां मिलेगा आवेदन फॉर्म?
इच्छुक अभ्यर्थी कार्यदिवस में सीधे RMS ‘U’ Division, मुजफ्फरपुर स्थित प्रधान डाकघर परिसर में जाकर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। विभाग आवेदन की जांच और भौतिक सत्यापन के बाद फ्रेंचाइजी स्वीकृत करेगा। इस योजना का लाभ केवल फ्रेंचाइजी लेने वालों को ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी मिलेगा। अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल या टिकट खरीदने के लिये शहर या मुख्य डाकघर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। छात्रों, नौकरी के आवेदकों, व्यापारियों और आम लोगों को अपने इलाके में ही डाक सेवाएं उपलब्ध हो जायेंगी।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में कांग्रेस की सीट ले उड़े परिमल नथवानी…
इसे भी पढ़ें : मैट्रिक-इंटर के लाखों छात्रों के लिये अलर्ट, बिना ‘इसके’ नहीं होगा रजिस्ट्रेशन…
इसे भी पढ़ें : झारखंड की दो सीटों पर वोटों की गिनती जारी, एक की जीत पक्की… जानें
इसे भी पढ़ें : ट्रंप टैरिफ का खेल खत्म, भारत को मिल सकते हैं 94,649 करोड़ रुपये…
इसे भी पढ़ें : ‘मैं भगवान हूं…’ कहकर बिछाया जाल, महिला ने खोले ऐसे राज कि दहल गई पुलिस…












