Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के अध्यक्ष मनोज प्रसाद के निर्देश पर गढ़वा मंडल कारा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इस पहल का मकसद था, सलाखों के पीछे बंद लोगों तक भी न्याय, स्वास्थ्य और अधिकारों की रोशनी पहुंचाना।
जब बंदियों ने खुलकर रखी अपनी बात
शिविर के दौरान जेल अदालत लगाई गई, जहां बंदियों ने अपने मुकदमों, जमानत और कानूनी सहायता से जुड़ी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। LADC के डेपुटी चीफ नित्यानंद दुबे ने बंदियों को समझाया कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता देना DLSA की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “न्याय सिर्फ बाहर रहने वालों का अधिकार नहीं, बल्कि हर व्यक्ति का संवैधानिक हक है।”
लोक अदालत और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
कार्यक्रम में बंदियों को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते के जरिये मामलों के निष्पादन और विधिक सेवा प्राधिकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। LADC की डेपुटी चीफ अनीता रंजन ने कहा कि विचाराधीन कैदियों को समय पर न्याय दिलाने के लिये हरसंभव मदद की जा रही है।
जेल के भीतर लगा स्वास्थ्य शिविर
कार्यक्रम का दूसरा अहम हिस्सा था स्वास्थ्य जांच शिविर। चिकित्सकों की टीम ने जेल में बंद सभी कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान कई बंदियों में बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा रोग और अन्य सामान्य बीमारियां पाई गईं। डॉक्टरों ने जरूरी परामर्श दिए और दवाइयां भी वितरित कीं। गंभीर रूप से बीमार बंदियों के बेहतर इलाज के लिए आगे कदम उठाने की बात भी कही गई। DLSA से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि बंदियों को सिर्फ कानूनी सहायता देना ही काफी नहीं, बल्कि उनका स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसी सोच के तहत समय-समय पर जेल अदालत, विधिक जागरूकता और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। गढ़वा के SDO एवं प्रभारी जेल सुपरिंटेंडेंट संजय कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुये कहा कि ऐसे शिविर बंदियों के हित में काफी उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में बंदियों को स्वच्छता, बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिये भी जागरूक किया गया।
इसे भी पढ़ें : खुले में मांस बेचने वालों पर प्रशासन का बड़ा वार…
इसे भी पढ़ें : पेड़ से लटकाया श’व, जांच में खुला दिल दहला देने वाला राज…
इसे भी पढ़ें : स्कूल टॉपर बनने पर परिवार ने भगवान को चढ़ाई चांदी की किताब…
इसे भी पढ़ें : पुलिस देखते ही बेहोश हो गई महिला, बाद में म’र गई…
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में मा’रा गया एक चौकीदार… जानें क्यों






