Ranchi : झारखंड में इस बार मई का महीना कुछ अलग ही कहानी लिख रहा है। जिस समय लोगों को तेज लू, तपती सड़कें और 45 डिग्री के आसपास पहुंचते तापमान से जूझना चाहिये था, उस वक्त आसमान से बारिश बरस रही है, हवायें चल रही हैं और मौसम अचानक करवट बदल रहा है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अब सिर्फ “असामान्य मौसम” नहीं, बल्कि क्लाइमेट चेंज की बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।
मार्च से ही बिगड़ गया मौसम का ‘ट्रैक’
1 मार्च के बाद से झारखंड में मौसम का पैटर्न लगातार बदला हुआ दिख रहा है। अप्रैल की शुरुआत में गर्मी ने जरूर तेवर दिखाये थे और कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। लेकिन इसके बाद मौसम अचानक पलट गया। मई में हालात ऐसे बने कि राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। आमतौर पर मई में झारखंड झुलसता है, लेकिन इस बार राज्य का औसत अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दो-तीन जिलों को छोड़ दें तो कहीं भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर नहीं पहुंच पाया।
19 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राज्य के 24 में से 19 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इनमें बोकारो, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, रांची और सिमडेगा जैसे जिलों में तो सामान्य से 100 प्रतिशत से भी ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। हालांकि, चतरा, गढ़वा, लोहरदगा और साहिबगंज जैसे कुछ जिले ऐसे भी हैं जहां सामान्य से कम बारिश हुई है। यानी पूरे राज्य में मौसम एक जैसा व्यवहार नहीं कर रहा।
अभी और बदलेगा मौसम, तेज हवा-बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र ने साफ संकेत दिये हैं कि मई के आखिरी सप्ताह तक मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 24 मई तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। 19 और 20 मई को संताल परगना, मध्य झारखंड, राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चल सकती हैं। यानी मौसम कभी भी अचानक खतरनाक रूप ले सकता है।

लोगों के लिए जरूरी चेतावनी
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। अगर तेज गर्जन, बिजली चमकने या आंधी के संकेत मिलें तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जायें। वज्रपात के समय मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करने और खुले में सेल्फी लेने जैसी लापरवाही से बचने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के बाद अब बिजली का झटका भी दे सकता है करंट…
इसे भी पढ़ें : 20 मई को बंद रहेगी यहां मेडिकल दुकानें, जानें क्यों…
इसे भी पढ़ें : बंदियों को मिली कानूनी मदद, स्वास्थ्य जांच और नये जीवन का संदेश…
इसे भी पढ़ें : खुले में मांस बेचने वालों पर प्रशासन का बड़ा वार…
इसे भी पढ़ें : पेड़ से लटकाया श’व, जांच में खुला दिल दहला देने वाला राज…






