Pakur : पाकुड़ के पहाड़ियों और जंगलों के बीच बसे अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के डुमरचिर पंचायत स्थित निपानिया डुंगरिटोला गांव में जमीन विवाद के दौरान हुये कुल्हाड़ी हमले में गांव के चौकीदार दुखिया पहाड़िया मारा गया, वहीं, उनका बेटा बड़ा कालू पहाड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ गांव वालों ने पुलिस को बताया कि बीते शनिवार शाम करीब पांच बजे जमीन को लेकर दुखिया पहाड़िया का अपने पड़ोसी से विवाद हुआ था। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन गुस्सा भीतर ही भीतर धधकता रहा, उसी रात करीब आठ बजे दुखिया पहाड़िया अपने बेटे बड़ा कालू के साथ आरोपियों के घर पहुंच गया। पहले बहस हुई, फिर आवाजें ऊंची हुईं और देखते ही देखते माहौल हिंसा में बदल गया। गांव की रात अचानक चीखों से कांप उठी। लहूलुहान कालू पहाड़िया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा से बेहतर इलाज के लिये दुमका रेफर कर दिया गया।
कुल्हाड़ी चली और सब खत्म हो गया
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि चौकीदार दुखिया पहाड़िया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बेटे बड़ा कालू पहाड़िया के सिर पर गंभीर चोट लगी। खून से लथपथ हालत में उसे गांव वालों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पूरे निपानिया डुंगरिटोला गांव में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं की चीखें, बच्चों का रोना और गांव की गलियों में पसरा सन्नाटा, हर किसी की आंखों में डर साफ दिखाई दे रहा था। लोग बस यही कहते नजर आये कि “जमीन के टुकड़े ने एक पूरा परिवार उजाड़ दिया।” खबर है कि एक आरोपी खुद अमड़ापाड़ा थाना पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरे गुनहगार को पुलिस खोज रही है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें : रांची जेल में महिला कैदी का यौन शोषण, पूर्व CM का बड़ा इल्जाम…
इसे भी पढ़ें : चार ला’शें, 18 टु’कड़े और एक ऐसा सच, जिसने बिहार को दहला दिया…
इसे भी पढ़ें : स्वीडन ने PM मोदी को पहनाया सम्मान का सबसे चमकदार सितारा…
इसे भी पढ़ें : योगी मंत्रिमंडल के 8 नये मंत्रियों में विभागों का बंटवारा… देखें पूरी लिस्ट
इसे भी पढ़ें : वैभव सूर्यवंशी का धमाका, IPL में तोड़ा गिलक्रिस्ट का बड़ा रिकॉर्ड






