Chouparan : सावन की आहट के साथ ही चौपारण में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर उत्साह चरम पर है। श्रद्धा, संस्कृति और आस्था के इस महापर्व को इस वर्ष और भी यादगार बनाने की तैयारी चल रही है। खास बात यह है कि इस बार रथयात्रा में विदेशी भक्तों की भक्ति प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिये खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रबंधन समिति की ओर से होटल चेतना पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 16 जुलाई को निकलने वाली रथयात्रा को यादगार बनाने के लिये कई विशेष कार्यक्रम तय किये गये हैं। आयोजन समिति के अनुसार 16 जुलाई को रथयात्रा के अवसर पर विदेशी भक्तों द्वारा विशेष भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। भगवान जगन्नाथ के जयघोष के बीच विदेशी श्रद्धालुओं की प्रस्तुति से चौपारण की रथयात्रा को एक अलग पहचान मिलेगी।
महायज्ञ में गूंजेंगी मंगल कामनायें
रथयात्रा के अगले दिन यानी 17 जुलाई को क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ शानदार महायज्ञ का आयोजन किया जायेगा। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र के कल्याण की प्रार्थना करेंगे। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का भी प्रतीक है। हालांकि इस बार आयोजन समिति के सामने एक बड़ी चिंता भी है। 16 जुलाई को गुरुवार होने के कारण चौपारण के बिगहा बाजार में लगने वाला पारंपरिक साप्ताहिक हाट भी उसी दिन लगेगा। वर्षों से लगने वाले इस बाजार में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है। दूसरी ओर रथयात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में एक ही दिन दो बड़े आयोजनों के कारण भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के लिये बड़ी चुनौती बन सकती है।
समिति ने प्रशासन से की विशेष तैयारी की मांग
प्रेसवार्ता में समिति के सदस्यों ने प्रशासन से अभी से व्यापक तैयारी शुरू करने का आग्रह किया। समिति ने मांग की कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाये। रथयात्रा मार्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था बनाई जाये। भीड़ नियंत्रण के लिये अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जायें। आपातकालीन चिकित्सा एवं राहत व्यवस्था उपलब्ध रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के दुकानदारों और आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। समिति ने अनुरोध किया कि रथयात्रा के दिन सड़क किनारे और रथ मार्ग पर अस्थायी बाजार नहीं लगाया जाये, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और रथयात्रा शांतिपूर्ण तथा व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह, सचिव राजदेव यादव, रथयात्रा संयोजक अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता, सुमन सिंह, इंदीवर सिंह सहित समिति के कई सदस्य और अन्य लोग उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल मिले गर्वनर से, क्या बोले राज्यपाल… जानें
इसे भी पढ़ें : रेडिशन ब्लू होटल में जुटे NDA के 24 विधायक, इनके समर्थन में दिखी पूरी फौज…
इसे भी पढ़ें : टायर हमेशा काले ही क्यों होते हैं? वजह जानेंगे तो कहेंगे- वाह…
इसे भी पढ़ें : झारखंड को मिलेंगी नई ट्रेनें… जानें
इसे भी पढ़ें : चतरा से बिहार भेजी जा रही थी शराब, कार से मिली 408 बोतल…














