Ranchi : राजधानी रांची बुधवार से एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के रंग में रंग गई। खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में द्वितीय दक्षिण एशियाई थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2026 का शानदार शुभारंभ हुआ। खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों के उत्साह और खेल भावना के बीच इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। उद्घाटन समारोह में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुये। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
पांच देशों के खिलाड़ी दिखायेंगे खेल कौशल
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका की पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के साथ ही मुकाबलों का सिलसिला भी शुरू हो गया। मैदान पर खिलाड़ियों की फुर्ती, तालमेल और संघर्ष ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन ने रांची के खेल माहौल में नई ऊर्जा भर दी है। प्रतियोगिता के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। खासकर भारतीय महिला टीम की कप्तान और झारखंड की बेटी अरुणा यादव ने अपने खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं भारतीय पुरुष टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमरदीप ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अपने ही राज्य में झारखंड के खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करते देख खेल प्रेमियों में गर्व का माहौल दिखा।
मंत्री बोले, खेल सिखाता है अनुशासन
उद्घाटन समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि खेल सिर्फ जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना की सीख देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से देशों और राज्यों के बीच खेल संबंध मजबूत होते हैं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलता है। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। थ्रोबॉल खेल से जोड़ते हुये उन्होंने मुस्कुराते हुये कहा कि “इन खिलाड़ियों को देखकर बहुत कुछ सीखने को मिला है। इस बार हम लोग थ्रो नहीं, बल्कि कैच करेंगे।” थ्रोबॉल खिलाड़ियों को सरकारी सहायता से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री और मुख्यमंत्री लगातार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेल संगठनों को भी अपनी भूमिका निभाते हुये खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिये प्रयास करना होगा। झारखंड थ्रोबॉल एसोसिएशन के चेयरपर्सन राजेश कुमार गुप्ता ने मीडिया को बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी देशों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिये बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी प्रतिभागी रांची से अच्छी यादें लेकर वापस लौटेंगे।
इसे भी पढ़ें : ‘बेटी’ को ले गया मौ’त के मुहाने पर, फिर…
इसे भी पढ़ें : विदेशी भक्तों की प्रस्तुति बनेगी रथयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल मिले गर्वनर से, क्या बोले राज्यपाल… जानें
इसे भी पढ़ें : रेडिशन ब्लू होटल में जुटे NDA के 24 विधायक, इनके समर्थन में दिखी पूरी फौज…
इसे भी पढ़ें : टायर हमेशा काले ही क्यों होते हैं? वजह जानेंगे तो कहेंगे- वाह…














