Ranchi : राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने साफ कहा है कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर “अनमैप्ड मतदाताओं” की सूची प्रकाशित कर दी गई है। यानी ऐसे मतदाता, जिनका सत्यापन वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो पाया है। इनकी संख्या छोटी नहीं, बल्कि करीब 70 लाख 83 हजार बताई जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इन अनमैप्ड मतदाताओं की सूची पेन ड्राइव के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया में सहयोग करें। चुनाव आयोग का मकसद साफ है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से छूटे नहीं और फर्जी नाम भी शामिल न रहें।
30 जून से शुरू होगा घर-घर अभियान
अब इस पूरी प्रक्रिया का सबसे अहम चरण 30 जून से शुरू होने जा रहा है। इस दिन से BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म देंगे। ये फॉर्म मैप्ड और अनमैप्ड दोनों तरह के मतदाताओं को दिये जायेंगे। मतदाताओं को बस अपनी एक नई फोटो लगानी होगी, हस्ताक्षर करने होंगे और जरूरी जानकारी की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद फॉर्म वापस BLO को जमा करना होगा।
मैप्ड और अनमैप्ड मतदाताओं के लिये अलग प्रक्रिया
निर्वाचन विभाग ने दोनों तरह के मतदाताओं के लिये अलग-अलग प्रक्रिया तय की है। मैप्ड मतदाताओं को राहत दी गई है। जिन मतदाताओं का रिकॉर्ड पहले से सत्यापित है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी। यदि वे भरा हुआ और हस्ताक्षरित फॉर्म BLO को लौटा देते हैं, तो उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल रहेगा।
अनमैप्ड मतदाताओं को देना पड़ सकता है दस्तावेज
वहीं जिन मतदाताओं का रिकॉर्ड 2003 की सूची से मैच नहीं हो पाया है, उन्हें बाद में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी यानी ERO की ओर से नोटिस मिलने पर दस्तावेज जमा करने होंगे। इन दस्तावेजों में स्वयं की जन्म तिथि, माता-पिता से जुड़े प्रमाण या दादा-दादी से संबंधित दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।
7 अक्टूबर को आयेगी अंतिम वोटर लिस्ट
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, दावा और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जायेगा। इससे पहले 23 मई से ही राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची चस्पा कर दी गई है, ताकि लोग खुद भी अपना नाम जांच सकें।
इसे भी पढ़ें : रांची की सड़कों पर झलका छात्रों का गुस्सा… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : सरकारी खजाने में सेंध, अब तेज हुई जांच…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, इनके घरों पर चलेगा बुलडोजर… जानें
इसे भी पढ़ें : अब घर बैठे मिलेगा बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद… कैसे जानें
इसे भी पढ़ें : DJ की धुन पर नाच रहा था गांव, रिश्तेदारों की दूरी बना खू’नी तूफान…






