Ranchi : झारखंड मंत्रालय में आज नगर विकास को लेकर हुई एक बड़ी और अहम बैठक में CM हेमंत सोरेन ने साफ संकेत दे दिये कि अब शहरों के विकास के साथ लापरवाही, अतिक्रमण और अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई होगी। नदियों और डैम किनारे बने अवैध घरों पर बुलडोजर चलेगा। रिंग रोड सोलर लाइट से जगमगायेंगे वहीं, शहरों में कचरा प्रबंधन से लेकर रेन वाटर हार्वेस्टिंग तक को अनिवार्य बनाने की तैयारी होगी।
जलस्रोतों पर कब्जा अब बर्दाश्त नहीं
बैठक में CM हेमंत सोरेन का सबसे सख्त रुख नदी, तालाब, डैम और अन्य जलस्रोतों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर दिखा। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि नदी और जलस्रोतों के किनारे बने अवैध निर्माण पर्यावरण और जल निकासी के लिये बड़ा खतरा हैं। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। CM ने निर्देश दिया कि सभी शहरों में जलस्रोतों पर बने अवैध निर्माण की पहचान हो, अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाये, जरूरत पड़े तो प्राथमिकी दर्ज हो और अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया जाये। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि नदी, डैम और तालाब के आसपास अवैध निर्माण नहीं करें।
कांके डैम को बचाने की तैयारी, गंदे नाले होंगे बंद
CM हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के कांके डैम को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डैम में गिरने वाले गंदे नालों को तुरंत बंद कराया जाये और कैचमेंट एरिया की मापी कर घेराबंदी की जाये। CM ने कहा कि डैम का पानी स्वच्छ और सुरक्षित रहना चाहिये। वहीं, लोगों को भी जागरूक करने की बात कही गई, ताकि घरों का गंदा पानी सीधे डैम में न जाये।
रिंग रोड पर लगेगा सोलर पैनल
बैठक में CM हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी रिंग रोड को सोलर एनर्जी से जोड़ने का बड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रांची सहित सभी रिंग रोड के आसपास सोलर पैनल लगाये जायें। सोलर स्ट्रीट लाइट से सड़कें रोशन हों और अगले 15 दिनों के भीतर प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट से मंजूरी ली जाये। CM ने रिंग रोड क्षेत्र में वाटर पाइपलाइन और सीवर लाइन विकसित करने का भी निर्देश दिया।
हर घर में होगा कचरा और पानी प्रबंधन
शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिये CM हेमंत सोरेन ने नया फोकस “सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट” और “रेन वाटर हार्वेस्टिंग” पर रखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर घर, अपार्टमेंट, बड़ी सोसाइटी और होटल में कचरा प्रबंधन, वर्षा जल संचयन और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। CM ने जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
कचरे के पहाड़ पर भी हुई बड़ी चर्चा
बैठक में रांची के झिरी स्थित कचरे के पहाड़ यानी “लीगेसी वेस्ट” को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। CM हेमंत सोरेन ने आधुनिक तकनीक से इसके समाधान पर जोर दिया और कहा कि गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करने की व्यवस्था हर शहर में लागू होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि बायोडिग्रेडेबल कचरे से ऊर्जा और खाद बनाई जा सकती है, जबकि दूसरे कचरे का पुनर्चक्रण संभव है।
स्मार्ट सिटी, ट्रैफिक और पानी की योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि नगर विकास विभाग की किसी भी परियोजना में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिये। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल आपूर्ति, ट्रैफिक मैनेजमेंट और शहरी साफ-सफाई से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुये काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के लिये भूमि अधिग्रहण को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई।
पेड़ों की ट्रिमिंग और जलजमाव पर भी फोकस
CM हेमंत सोरेन ने बारिश के मौसम से पहले सड़क किनारे लगे पेड़ों की ट्रिमिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे पेड़ बिजली तारों और सड़कों पर गिरने से बचेंगे। इसके साथ ही नगर निकायों को बरसात पूर्व जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार समेत कई आला अधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : अब घर बैठे मिलेगा बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद… कैसे जानें
इसे भी पढ़ें : DJ की धुन पर नाच रहा था गांव, रिश्तेदारों की दूरी बना खू’नी तूफान…
इसे भी पढ़ें : 20 करोड़ के मकान में मिली दो ला’शें, जिंदगी में कोई अपना नहीं!
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में ‘एक्शन मोड’ में दिखे DC, किसी का वेतन रोका, तीन कार्यमुक्त…
इसे भी पढ़ें : DC बोले, दो दिन में काम पर लौटें मनरेगा कर्मी, वरना…






