Ranchi : रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र के सिल्वे मानकीढीपा रिंग रोड पर शुक्रवार की शाम दर्द और गुस्से का ऐसा मंजर दिखा, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रंजीत बैठा का शव लेकर सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आये। देखते ही देखते रिंग रोड पूरी तरह जाम हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश के बीच भी ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे। करीब चार घंटे तक चले जाम के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को सड़क पार करने के दौरान एक कंटेनर ने रंजीत बैठा को अपनी चपेट में ले लिया था। गंभीर रूप से घायल रंजीत को इलाज के लिये रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और आये दिन तेज रफ्तार वाहनों की वजह से जान-माल का नुकसान होता रहता है।
पति के शव से लिपटकर बिलखती रही सीता
सड़क जाम के दौरान सबसे दर्दनाक तस्वीर रंजीत बैठा की पत्नी सीता देवी और उनके पांच वर्षीय बेटे अच्छित की थी। पति का शव सामने देख सीता बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। ग्रामीण महिलाएं उनके चेहरे पर पानी छिड़ककर उन्हें संभाल रही थीं। होश में आते ही उनकी जुबां पर बस एक ही सवाल था, “अब किसके सहारे जीयेंगे, घर कैसे चलायेंगे?” वहीं मासूम अच्छित भी पिता के शव को देखकर रो रहा था। मौके पर मौजूद लोग किसी तरह मां-बेटे को संभालते रहे। मौके पर भाजपा नेत्री आरती कुजूर, नूतन पाहन, मनेश महतो, मनसा महतो, श्रुति मुंडा, अजय भोक्ता, सुरेश मुंडा, पुरुषोत्तम मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
‘अंडरपास का वादा हुआ, लेकिन पूरा नहीं हुआ’
ग्रामीणों का आरोप है कि रिंग रोड के किनारे घनी आबादी है और पास में मध्य विद्यालय भी है। ऐसे में बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा के लिये लंबे समय से अंडरपास की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि NHAI की ओर से अंडरपास निर्माण का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के लिये जमीन देने के बावजूद उन्हें सुरक्षा नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन और NHAI के सामने कई मांगें रखीं, जैसे, मृतक के परिजनों को 30 लाख रुपये मुआवजा दिया जाये। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले। मानकीढीपा रिंग रोड स्थित सरकारी विद्यालय के पास अंडरपास बनाया जाये। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिये स्पीड ब्रेकर लगाया जाये। रिंग रोड पर लगातार पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाये।सूचना मिलने के बाद टाटीसिल्वे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में NHAI के अधिकारी भी पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद अंचल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल दाह संस्कार के लिये मृतक के परिजनों को 12 हजार रुपये की सहायता राशि दी। इसके बाद रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने जाम हटाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इसे भी पढ़ें : पूर्व मंत्री समेत 30 दोषियों को 3 साल की सजा, 15 साल बाद आया फैसला…
इसे भी पढ़ें : बोकारो में किरायेदार रखना अब हो सकता है आफत… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत को लेकर केंद्र के नये निर्देश, दोनों साथ हों तो पहले राष्ट्रगीत…
इसे भी पढ़ें : भाग रहे युवक से खुला राज, पुलिस खरीदार तक पहुंची, फिर…
इसे भी पढ़ें : 30 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बटोरने वाले बोले, ‘ये सब ससुराल का गिफ्ट है…’








