Bokaro : घर, दुकान या किसी भी व्यावसायिक परिसर को किराये पर देने से पहले अब सावधानी जरूरी है। बोकारो पुलिस जिलेभर में किरायेदारों के पुलिस सत्यापन अभियान की तैयारी में जुट गई है। पुलिस का साफ कहना है कि बिना सत्यापन के रखा गया किरायेदार यदि किसी अपराध या गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल पाया गया, तो इसकी जिम्मेदारी मकान मालिक की भी तय की जा सकती है। बोकारो के पुलिस कप्तान नाथू सिंह मीणा ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुये कहा है कि किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
थाना स्तर से शुरू होगी जांच, घर-घर पहुंचेगी पुलिस
विशेष अभियान को सफल बनाने के लिये एसपी ने जिले के पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। सिटी DSP राजीव रंजन, मुख्यालय DSP पवन कुमार, चास ASP वेदांत शंकर समेत सभी SDPO को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में सिटी DSP राजीव रंजन ने शुक्रवार को शहरी क्षेत्र के सभी थानेदारों के साथ बैठक की। बैठक में सभी थानों को अपने क्षेत्र में डोर-टू-डोर किरायेदार सत्यापन अभियान जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया।
मकान मालिकों को क्या करना होगा?
पुलिस के अनुसार, मकान मालिकों को अपने किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराकर सत्यापन कराना होगा। जैसे, किरायेदार का पूरा नाम, पता और पहचान से जुड़ी जानकारी थाने में दें। किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी करायें। यदि कोई किरायेदार जानकारी देने या सत्यापन में सहयोग नहीं करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
‘किराये के नाम पर अपराध नहीं चलेगा’
SP नाथू सिंह मीणा ने मीडिया से कहा कि आवास या व्यावसायिक परिसर किराये पर लेकर अपराध करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उन्होंने मकान मालिकों से अपील की कि वे अपने किरायेदारों का जल्द से जल्द पुलिस सत्यापन करा लें। अगर कोई किरायेदार सत्यापन में सहयोग नहीं करता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दें। पुलिस का मानना है कि इस अभियान से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी और अपराधियों को छिपने के लिये सुरक्षित ठिकाना मिलने से रोका जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत को लेकर केंद्र के नये निर्देश, दोनों साथ हों तो पहले राष्ट्रगीत…
इसे भी पढ़ें : भाग रहे युवक से खुला राज, पुलिस खरीदार तक पहुंची, फिर…
इसे भी पढ़ें : 30 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बटोरने वाले बोले, ‘ये सब ससुराल का गिफ्ट है…’
इसे भी पढ़ें : झारखंड ने दिया निवेश का भरोसा, कहा- आइये, विकास की नई गाथा साथ लिखते हैं…
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में इस रोज लगेगी विशेष लोक अदालत…








