Patna : बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा ने अपने उम्मीदवार में बदलाव कर दिया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पहले जहां अभिषेक कुमार को प्रत्याशी बनाया था, वहीं शुक्रवार को उनके चुनाव मैदान से हटने के बाद अब नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि उम्मीदवार परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अभिषेक कुमार ने जताई थी चुनाव लड़ने में असमर्थता
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुये चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई थी। इसके बाद भाजपा ने तेजी से नये नाम पर फैसला लेते हुये नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दे दिया। बांकीपुर से भाजपा के नये उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं। पटना के मीठापुर बी एरिया निवासी नीरज का जन्म 1 जुलाई 1994 को हुआ था। नीरज अविवाहित हैं और उन्होंने स्नातक तक शिक्षा हासिल की है।
बूथ अध्यक्ष से मंडल अध्यक्ष तक का सफर
नीरज कुमार सिन्हा ने वर्ष 2006 में बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी। संगठन में उन्होंने बूथ अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया। इसके बाद वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल महामंत्री रहे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। दो बार मंडल अध्यक्ष चुने गये। वर्तमान में भी मंडल अध्यक्ष की भूमिका में हैं। नीरज सिन्हा के परिवार का भी भाजपा और जनसंघ से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके चाचा दिवंगत नरेंद्र भारती जनसंघ काल के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्हीं के नाम पर मंडल का नाम नरेंद्र भारती मंडल रखा गया है। संगठन में लंबे समय तक जमीनी स्तर पर काम करने के बाद अब भाजपा ने उन्हें बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार बनाकर बड़ा मौका दिया है।
इसे भी पढ़ें : रांची के इन इलाकों में कल 2 घंटे बिजली रहेगी गुल…
इसे भी पढ़ें : लूटकांड का चौथा और आखिरी गुनहगार भी धरा गया…
इसे भी पढ़ें : चौपारण के सोम राज सेना में बने लेफ्टिनेंट डॉक्टर, बढ़ाया क्षेत्र का मान…
इसे भी पढ़ें : चोरदाहा में बांटी गई धोती-साड़ी और लूंगी…
इसे भी पढ़ें : ‘मौ’त आये तो अपनी जमीन पर आये,’ शेख हसीना ने किया बांग्लादेश लौटने का ऐलान…








