Ranchi : झारखंड के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने आज बड़ा ऐलान किया। राज्य सरकार ने कोटा के प्रतिष्ठित मोशन एजुकेशन संस्थान के सहयोग से NEET और JEE जैसी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग शुरू करने की ऐतिहासिक घोषणा की है।अब झारखंड की मिट्टी से निकले मेधावी विद्यार्थी भी डॉक्टर और इंजीनियर बन सकते हैं, वो भी बिना किसी शुल्क, बिना किसी बाधा के। रांची के हिंदपीढ़ी स्थित कल्याण विभाग के भवन में मुफ्त में कोचिंग दी जायेगी। यहीं से शुरू होगी वह यात्रा, जो किसी बच्चे को AIIMS या IIT तक ले जा सकती है। करीब 300 मेधावी विद्यार्थी, जिनका चयन तय मानदंडों और योग्यता के आधार पर हुआ है, इस योजना का हिस्सा बनेंगे। कोचिंग के संचालन व पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को सौंपी गई है। मंत्री चमरा लिंडा बोले, “हमारा सपना है कि झारखंड का कोई भी गरीब बच्चा संसाधनों की कमी से पीछे न रह जाये। हर विद्यार्थी को मौका मिलना चाहिये, ताकि वह आत्मविश्वास से कह सके, ‘मैं भी कुछ बन सकता हूं!’ उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में UPSC, Civil Services जैसी परीक्षाओं के लिये भी झारखंड के विद्यार्थियों को दिल्ली में प्रशिक्षण दिया जायेगा। पहले चरण में ST वर्ग, दूसरे में SC, और बाद में OBC वर्ग के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। मंत्री ने कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी के साथ छात्रावास, पुस्तकालय और भोजनालय का निरीक्षण किया और सभी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये।

इसे भी पढ़े :सिर में गो’ली लगने से IG की गई जान… जानें कैसे
इसे भी पढ़े :गढ़वा में खौफनाक वारदात










