Ranchi : राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय को मंगलवार देर रात निशाना बनाने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार दो युवकों ने पेट्रोल से भरी बोतलें कार्यालय परिसर के भीतर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बोतलें बाउंड्री के पास ही गिर गई। घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस प्रयास ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शुरुआती जांच में दो युवकों की संलिप्तता सामने आई है। घटना की तह तक पहुंचने के लिए एफएसएल समेत कई टीमों को लगाया गया है और संदिग्धों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है। फुटेज में दो युवक कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। जांच में पता चला है कि पेट्रोल बम तैयार करने के लिए चिली सॉस की कांच की बोतलों का इस्तेमाल किया गया था।
जानकारी के अनुसार पहली बोतल फेंकते समय उसमें लगी जलती हुई सुतली नीचे गिर गई, जिससे वह प्रभावी नहीं हो सकी। इसके बाद दूसरी बोतल भी कार्यालय परिसर तक नहीं पहुंच पाई। इसी कारण बड़ा हादसा टल गया।
जांच के दायरे में होटल विवाद का एंगल
स्थानीय लोगों के अनुसार संघ कार्यालय के समीप स्थित एक होटल और कार्यालय से जुड़े लोगों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गंदगी समेत अन्य मुद्दों को लेकर होटल के खिलाफ शिकायत की गई थी। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि अब तक किसी व्यक्ति या समूह की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजनीतिक हलकों में भी गूंजा मामला
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा विधायक और कार्यकर्ता संघ कार्यालय पहुंचे। भाजपा नेताओं ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यदि हमला सफल हो जाता तो कार्यालय में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की गई है और मामले की गहन जांच की आवश्यकता है।
वहीं भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसी सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन के कार्यालय को निशाना बनाने का प्रयास गंभीर विषय है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
इसे भी पढ़ें : NEET परीक्षा से पहले Telegram बैन, हाईकोर्ट पहुंची कंपनी…
इसे भी पढ़ें : ब्लड शुगर कंट्रोल में मददगार हो सकता है करेला जूस, जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ…
इसे भी पढ़ें : भारत में लॉन्च हुआ Redmi Turbo 5, 7540mAh बैटरी बनी सबसे बड़ी ताकत
इसे भी पढ़ें : राजधानी रांची में ये है ‘रोग हांड़ी फेंका’ टोटका… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा मामले में SIT की जांच तेज, सनसनीखेज खुलासा…














