Ranchi : झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। CM हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की हाई लेवल मीटिंग में साफ संदेश दिया कि अब स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं चलेगी। अस्पतालों की व्यवस्था से लेकर एम्बुलेंस सेवा, डॉक्टरों की नियुक्ति, मेडिकल कॉलेजों की सीटें और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तक, हर मोर्चे पर बड़े बदलाव की रूपरेखा तैयार की गई है। CM ने कहा कि राज्य के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुये मजबूत मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने का निर्देश दिया।
हर बच्चे से लेकर हर नागरिक का बनेगा हेल्थ प्रोफाइल
बैठक में CM हेमंत सोरेन ने एक महत्वाकांक्षी पहल का संकेत देते हुये अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी नागरिकों, खासकर बच्चों का हेल्थ प्रोफाइल सिस्टम तैयार किया जाये। इससे लोगों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड व्यवस्थित होंगे और जरूरत पड़ने पर इलाज एवं निगरानी आसान हो सकेगी।
एम्बुलेंस सेवा पर CM नाराज
बैठक के दौरान CM हेमंत सोरेन ने एम्बुलेंस सेवाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या आपात स्थिति में एक-एक मिनट कीमती होता है। ऐसे में एम्बुलेंस सेवा का तेज, प्रभावी और जवाबदेह होना बेहद जरूरी है। CM ने निर्देश दिया कि एम्बुलेंस मॉनिटरिंग के लिये AI आधारित कंट्रोल रूम बनाया जाये। ओला-उबर की तर्ज पर एम्बुलेंस सेवा का मॉडल तैयार किया जाये। एक सप्ताह के भीतर विस्तृत योजना प्रस्तुत की जाये। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
ANM-GNM की भर्ती में तेजी, डॉक्टरों की कमी होगी दूर
CM हेमंत सोरेन ने साफ कहा कि मानव संसाधन की कमी के कारण मरीजों का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ANM और GNM के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति हो। विशेषज्ञ चिकित्सकों और सामान्य डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया में तेजी लाई जाये। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराए जायें। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के गांवों और शहरों की स्वास्थ्य चुनौतियां अलग-अलग हैं। इसलिये विभाग को दो अलग कार्ययोजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिये स्थानीय जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं का मॉडल विकसित करने पर जोर दिया गया।
हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और कैंसर मरीजों के लिये बनेगी विशेष व्यवस्था
CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर बीमारियों और आपात स्थितियों के लिये अलग और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार की जाये। विशेष रूप से हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, कैंसर, डायबिटीज जैसी बीमारियों से जुड़े मरीजों के लिये त्वरित उपचार और आपात सेवाओं को मजबूत करने को कहा गया।
मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें
राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूजी और पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं, कोडरमा, बोकारो, चाईबासा, दुमका, जमशेदपुर और हजारीबाग में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों का काम समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान में देरी या प्रशासनिक कारणों से परियोजनाएं नहीं रुकनी चाहिये।
बहुत जल्द अबुआ दवाखाना की शुरूआत
बैठक में एक और महत्वपूर्ण घोषणा हुई। राज्य सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री अबुआ दवाखाना’ शुरू करेगी। यह एकीकृत औषधि केंद्र होगा, जहां एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, सिद्ध प्रणाली की आवश्यक दवाएं एक ही स्थान पर नि:शुल्क उपलब्ध कराई जायेंगी।
अंगदान को मिलेगा बढ़ावा, केरल मॉडल पर होगा काम
CM हेमंत सोरेन ने किडनी, लीवर और कॉर्निया जैसे अंगदान को बढ़ावा देने के लिये जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केरल की तर्ज पर झारखंड में भी अंगदान की संस्कृति विकसित की जानी चाहिये ताकि जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सके।
ब्लड बैंक होंगे हाईटेक, बनेगा ऐप आधारित सिस्टम
CM हेमंत सोरेन ने ब्लड बैंक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिये कि ब्लड सेपरेशन यूनिट स्थापित हों। ब्लड बैंक लाइसेंस प्रक्रिया तेजी से पूरी हो। रक्त उपलब्धता की निगरानी के लिये ऐप आधारित व्यवस्था विकसित की जाये। सरकारी कार्यालयों और पुलिस विभाग में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जायें। बैठक के दौरान CM हेमंत सोरेन ने जामताड़ा के आम डुमरिया हेल्थ सब सेंटर और गिरिडीह के डुमरी रेफरल अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सीधा संवाद किया। उन्होंने वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीजों की संख्या, सुरक्षित प्रसव व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी ली तथा कई आवश्यक निर्देश दिये।


इसे भी पढ़ें : हर घर तक पहुंचेगा नल का जल, केंद्र से CM ने रखी कई अहम मांगें…
इसे भी पढ़ें : CBSE के चेयरमैन और सचिव हटाये गये, अब राधा चौहान करेंगी जांच…
इसे भी पढ़ें : पहली बार महिला RTA सचिव बनीं सुजाता कुजूर ये बोल गई…
इसे भी पढ़ें : रांची में चला मेगा चेकिंग अभियान, एक साथ उतरी पुलिस…
इसे भी पढ़ें : भारत में विदेशियों के लिये नये नियम, अब देरी हुई तो बढ़ेगी मुश्किल…






