Ranchi : सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे हजारों युवाओं के लिये एक बड़ी खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिये आवेदन करने वाले 16,113 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द कर दिये हैं। आयोग की इस कार्रवाई के बाद अभ्यर्थियों के बीच हलचल तेज हो गई है। कई उम्मीदवारों को तब झटका लगा, जब आवेदन जांच के दौरान यह पाया गया कि उन्होंने प्रक्रिया को पूरी तरह पूरा ही नहीं किया था।
सिर्फ रजिस्ट्रेशन किया, आवेदन अधूरा छोड़ दिया
JSSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सबसे ज्यादा 15,936 अभ्यर्थियों के आवेदन इसलिये निरस्त किये गये क्योंकि उन्होंने केवल प्रारंभिक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की थी। रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन के अन्य जरूरी चरणों को पूरा नहीं किया गया। नतीजतन आयोग ने ऐसे सभी आवेदन अमान्य घोषित कर दिये। यह लापरवाही अब हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा से बाहर कर चुकी है। आयोग ने बताया कि 177 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रारंभिक प्रक्रिया तो पूरी कर ली थी, लेकिन निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया। नियमों के अनुसार शुल्क भुगतान आवेदन प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा है। इसलिये ऐसे सभी आवेदनों को भी रद्द कर दिया गया। झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-08/2025) के लिये ऑनलाइन आवेदन 14 दिसंबर 2025 से 24 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि तक आमंत्रित किये गये थे। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद आयोग ने सभी आवेदनों की जांच की, जिसके बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।
22 जून से शुरू होगी परीक्षा
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता परीक्षा 22 जून से 24 जून 2026 तक आयोजित की जायेगी। परीक्षा का आयोजन राजधानी रांची के विभिन्न कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) केंद्रों पर होगा। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। JSSC के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, प्रत्येक अभ्यर्थी को उसकी परीक्षा तिथि और अन्य आवश्यक सूचनाएं पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा ई-मेल ID पर भेजी जायेंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से अपने मोबाइल संदेश और ई-मेल चेक करते रहें ताकि कोई महत्वपूर्ण सूचना छूट न जाये।
17 जून से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार 17 जून 2026 से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिये आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन के दौरान दर्ज ई-मेल आईडी अथवा आवेदन संख्या और जन्म तिथि की मदद से एडमिट कार्ड प्राप्त किया जा सकेगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की एक अतिरिक्त प्रति और दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। वहीं, परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिये आयोग की वेबसाइट पर लगातार नजर बनाये रखने की भी सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : फेसबुक पोस्ट पर ग्रामीण पहुंचे थाना, बोले आंच नहीं आनी चाहिये…
इसे भी पढ़ें : दारोगा बाबू धरा गये, अब जायेंगे जेल…
इसे भी पढ़ें : निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी का नामांकन होल्ड… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : झारखंड भवन में अचानक पहुंचे रेजिडेंट कमिश्नर, हर कोने की ली खबर…
इसे भी पढ़ें : RCC बेंच पर उठे सवाल, BDO बोले, होगी जांच…









