Gumla : गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र में सूरज की पहली किरण के साथ दो ऐसी वारदातों का खुलासा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दंग कर दिया। एक गांव में एक बूढ़े पिता ने अपने ही जवान बेटे की जान ले ली, तो दूसरे गांव में घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की रहस्यमयी हत्या ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिये। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम, दहशत है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
सोते बेटे पर चला दी टांगी
पहली घटना रायडीह प्रखंड की सिकोई पंचायत स्थित करीडा गांव की है। खबर है कि लगभग 66 साल के अरुण लोहरा ने अपने 46 साल के बेटे रमेश केरकेट्टा की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता ने अपना अपराध स्वीकार करते हुये बताया कि उसका बेटा लंबे समय से शराब और नशे का आदी था। रमेश कोई काम नहीं करता था और अक्सर नशे की हालत में पिता के साथ झगड़ा, गाली-गलौज और मारपीट करता था। शुक्रवार शाम भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बेटे की हरकतों से बुजुर्ग पिता काफी समय से परेशान था। आरोप है कि रात में जब रमेश गहरी नींद में सो रहा था, तब अरुण लोहरा ने टांगी उठाई और उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह घर के भीतर खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कातिल पिता को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे गांव में मिली बुजुर्ग महिला की लाश
इसी बीच रायडीह थाना क्षेत्र के परसा गांव से दूसरी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। यहां 69 साल की फगनी उरांव अपने घर में मृत पाई गईं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था और वह अकेले ही जीवन बिता रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात वह रोज की तरह खाना खाकर सोने चली गई थीं। लेकिन शनिवार सुबह काफी देर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसी जब आवाज देते हुये घर के अंदर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गये। फगनी उरांव बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थीं।स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किये जाने जैसे गहरे निशान थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला किया था।मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का पूरा जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बुजुर्ग महिला की हत्या किसने और क्यों की। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि महिला किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखती थीं, इसलिये हत्या की वजह को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : लातेहार की दो बहनों के साथ पटना में गैंगरेप, न्योता पर गई थी तिलक में…
इसे भी पढ़ें : पुलिस ने छात्राओं को दिये सुरक्षा के मंत्र…
इसे भी पढ़ें : ‘विकास दुबे जैसा कांड कर दूंगा’ वीडियो वायरल…
इसे भी पढ़ें : लालू यादव के लिये तैयार हो रहा नया आवास, सामने आईं अंदर की तस्वीरें…
इसे भी पढ़ें : चतरा के हड़गड़ी जंगल में मुठभेड़, फिर क्या हुआ… जानें










