Ramgarh(Prince Verma) : इस बार रामगढ़ में गणपति बप्पा का स्वागत कुछ ऐसा होगा कि श्रद्धा, भव्यता और आस्था का संगम हर किसी को अपनी ओर खींच लेगा। गोला रोड स्थित चट्टी बाजार एक बार फिर गणेश भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। रामगढ़ युवा संघ अपने 12वें श्रीगणेश महोत्सव को इस बार पहले से कहीं अधिक शानदार और आकर्षक बनाने की तैयारी में जुटा है। 15 से 19 सितंबर तक चलने वाले पांच दिवसीय महोत्सव में पूरा इलाका “गणपति बप्पा मोरया… मंगल मूर्ति मोरया” के जयघोष से गूंजेगा। इस बार महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होगा 70 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, जिसे तमिलनाडु के प्रसिद्ध श्रीरामेश्वरम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जायेगा। श्रद्धालुओं को ऐसा एहसास होगा, मानो वे दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ में पहुंच गए हों। पंडाल के मध्य में मुंबई के प्रसिद्ध “लालबागचा राजा” की 20 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा विराजमान होगी। आकर्षक पूजा मंडप और मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के लिये विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। आयोजकों के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा।
501 किलो का महालड्डू
इस बार पूरे महोत्सव के दौरान प्रतिदिन 501 किलो दूध की खीर का महाभोग अर्पित किया जायेगा। वहीं भगवान गणेश को 501 किलो का विशाल महालड्डू चढ़ाया जायेगा, जो इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। इसके बाद अटूट भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जायेगा। महोत्सव के पांचों दिन महाआरती, भजन संध्या और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पूरा चट्टी बाजार भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आयेगा।
देशभर के कारीगर दे रहे आयोजन को अंतिम रूप
रामगढ़ युवा संघ के अध्यक्ष प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस बार आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिये कोलकाता समेत देश के कई हिस्सों से कारीगर बुलाये गये हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के सहयोग से हर वर्ष महोत्सव का स्वरूप और अधिक भव्य होता जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होने, “लालबागचा राजा” के दर्शन करने और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। महोत्सव की तैयारियों में अध्यक्ष प्रभात अग्रवाल, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कुशवाहा, सचिव शिवम अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष रवि अग्रवाल, संगठन मंत्री भीम कुशवाहा, पूजा प्रभारी पंकज वर्मा, मीडिया प्रभारी रविंद्र कुमार समेत पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : सांसद चौधरी ने गडकरी के सामने रखा नया रोडमैप…
इसे भी पढ़ें : कार के शीशे पर बने काले डॉट्स का क्या है राज… जानें
इसे भी पढ़ें : महंगे परफ्यूम हमेशा कांच की बोतल में ही क्यों आते, असली वजह जानें…
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रपति ने अपने पद से दिया इस्तीफा…
इसे भी पढ़ें : दिल दहला देने वाला हा’दसा, 10 से ज्यादा लोगों की मौ’त…







