Ranchi : रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में गुरुवार को पारण परेड समारोह में सैकड़ों सपने एक साथ साकार हुये। महीनों की कठिन ट्रेनिंग, पसीने और अनुशासन की तपस्या के बाद आज वर्दी पहनकर 340 नये पहरेदारों ने जनता की सेवा का संकल्प लिया। बारिश की बूंदें लगातार बरस रही थीं, लेकिन जवानों का जोश आसमान से भी ऊंचा था। कदमताल की गूंज और मार्चपास्ट की दृढ़ता बता रही थी कि झारखंड को अपने नये प्रहरी मिल चुके हैं।
CM ने किया सलामी का निरीक्षण, जवानों का बढ़ाया हौसला
CM हेमंत सोरेन “बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुये। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण पूरा कर चुके जवानों के अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर 4 DSP (पुलिस उपाधीक्षक) और 336 आरक्षियों ने पारण परेड में हिस्सा लिया। इनमें 255 पुरुष और 81 महिला जवान शामिल रहीं। CM ने अपनी खुशी का इजहार करते हुये कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है, जो झारखंड में बदलती तस्वीर और बढ़ते महिला सशक्तिकरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य हर क्षेत्र में पुरुषों और महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करना है और पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती उपस्थिति उत्साहजनक संकेत है। CM हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में जवानों को याद दिलाया कि शपथ सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि आज के बाद ये जवान केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि राज्य के करोड़ों नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। CM ने भावुक स्वर में कहा कि कई परिवारों ने कर्तव्य निभाते हुये अपने प्रियजनों को खोया है। अब उन्हीं अधूरे सपनों और अधूरे सफर को पूरा करने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के इन जवानों को मिली है।
पुलिस परिवारों के लिये बड़ी घोषणा
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग के लिये आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण करायेगी। वहीं, पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिये विशेष स्वास्थ्य सुविधायें विकसित की जा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में पुलिस विभाग के साथ मजबूती से खड़ी है। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रशिक्षण में सीखी गई हर बात अब कानून-व्यवस्था बनाये रखने, अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा में दिखाई देनी चाहिये। निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने पर हर चुनौती का समाधान संभव है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु हुये सम्मानित
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण और अंतिम परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मार्चपास्ट, कदमताल और अनुशासित प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। जवानों ने अपने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस प्रशासन के कई आला अधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में डूरंड कप को लेकर तैयारी तेज, ये बोले CM हेमंत सोरेन…
इसे भी पढ़ें : दवा लेते समय लोग सबसे ज्यादा करते हैं ये गलतियां… जानें
इसे भी पढ़ें : जन्मदिन के दिन ही दुनिया को अलविदा कह गये ये महान क्रिकेटर…
इसे भी पढ़ें : पलक झपकते बिक गईं 50 गाड़ियां, टॉप स्पीड 231 किमी प्रति घंटा…
इसे भी पढ़ें : इसलिये चाचा को मा’री गो’ली, पुलिस ने खोले राज…












