मुख्यमंत्री ने राज्य के 10 जिलों में 14 राइस मिलों का एक साथ किया शिलान्यास
RANCHI : राज्य सरकार झारखंड के किसानों की भावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए उन्हें समृद्ध बनाने का निरंतर प्रयास कर रही है। उन्नत कृषि और समृद्ध किसान हमारा संकल्प है। इसी कड़ी में आज 10 जिलों में 14 राइस मिल्स की आधारशिला राज्य सरकार द्वारा रखी जा रही है। झारखंड में फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स को बढ़ावा देकर यहां के किसानों को उनके उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
संसाधनों की कमी के कारण हमारे किसान भाइयों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार फसलों के रख-रखाव, स्टोरेज एवं मिलिंग सहित सभी कड़ियों को ध्यान में रखते हुए संसाधनों को दुरुस्त करने का कार्य कर रही है। हमारी सरकार राइयस मिल्स, अन्य फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स सहित पशुपालन, मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी लगातार आगे बढ़ रही है। यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित ‘Foundation stone laying of Rice Mills in different districts’ कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहीं।
विकास की असली कुंजी हमारे किसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड कृषि प्रधान राज्य है। यहां लगभग 70% लोग खेती-बाड़ी पर निर्भर हैं। राज्य की सर्वांगीण उन्नति में असल कुंजी हमारे किसान ही हैं। किसान वह वर्ग हैं जिनके हाथों में उत्पादन की शक्ति होती है और इन्हीं हाथों को अपनी कल्याणकारी योजनाओं से मजबूत करने का प्रण राज्य सरकार ने लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि आज जिन-जिन प्रक्षेत्र में राइस मिल्स का शिलान्यास हो रहा है, ये सभी यूनिट्स जल्द से जल्द बनकर किसानों की सेवा में समर्पित किया जा सके।
बेहतर फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी के तहत निवेशकों को प्रोत्साहित कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी के तहत झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा निवेशकों को रियायती दरों पर जमीन मुहैया कराया जा रहा है। निवेशकों को राज्य में प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित करने निमित्त राज्य सरकार कई प्रकार से उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए और आधुनिक राईस मिल्स खुलने से राज्य के किसानों के साथ-साथ झारखंड की अर्थव्यवस्था को भी एक बड़ा सहयोग मिलेगा। राइस मिल्स के स्थापित होने से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
राज्य में राइस मिल की सख्त जरूरत
खाद्य आपूर्ति व सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री रामेश्वर उरांव ने अपने संबोधन में कहा, मैं आज बहुत प्रसन्न हूं कि राज्य के विभिन्न जिलों में 14 राइस मिल्स का शिलान्यास हुआ है। इस कार्य के लिए मैं मुख्यमंत्रीको बधाई देता हूं। किसानों की समस्याओं को देखते हुए राज्य में एक साथ 14 राइस मिल्स का शिलान्यास होना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। राज्य में राइस मिल्स की सख्त जरूरत है। राईस मिल्स के अभाव में राज्य के किसानों को अपनी फसल दूसरे राज्यों में मिलिंग के लिए भेजनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि झारखंड में दाल मिल, आटा मील सहित अन्य फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित करने की आवश्यकता है, तभी यहां के किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिल सकेगा।
निवेशकों को अनुकूल माहौल उपलब्ध करा रही राज्य सरकार
उद्योग सचिव पूजा सिंघल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी की विस्तृत जानकारी रखी। बताया कि जियाडा अंतर्गत प्रक्षेत्रवार पलामू जिला के कुर्मीपुर, सिमडेगा जिला के गरजा एवं हेठमा, खूंटी जिला के टिमड़ा एवं कालामाटी, गुमला जिला के कसीरा एवं कोनबीर, गढ़वा जिला के कुशमाही, लातेहार के जलता, पश्चिमी सिंहभूम जिला के चैनपुरखास एवं सियालजोड़ा, धनबाद जिला के देवियाना, बोकारो जिला के मिर्धा एवं गोड्डा जिला के गोवर्धनपुर में राइस मिल्स यूनिट्स का शिलान्यास मुख्यमंत्री के कर कमलों से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खाद्य प्रसंस्करण नीति के तहत झारखंड में निवेशकों को अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण नीति से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खाद्य आपूर्ति व सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव हिमानी पांडे, उद्योग निदेशक जितेंद्र कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : एक्शन मोड में Lohardaga Police, देखिये क्या किया…
इसे भी पढ़ें : गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा बालू घाट, 2 की मौत
इसे भी पढ़ें : न वीकेंड कर्फ्यू हटेगा न वापस होगा ऑड-ईवन, सीएम केजरीवाल के प्रस्ताव को LG से नहीं मिली मंजूरी
इसे भी पढ़ें : हे राम… शादी वाले घर में ये क्या हो गया
इसे भी पढ़ें : पुलिस के पहुंचते ही मचा हड़कंप, 22 धराये, जानिये क्यों…
इसे भी पढ़ें : 10वीं पास को बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी, निकली हैं बंपर Vacancy, जल्द करें आवेदन
इसे भी पढ़ें : ‘पुष्पा नाम सुनकर flower समझे क्या, फ़ायर है मैं’, अल्लू के डायलॉग का राज हैं…




