Dumka : करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे निलंबित दारोगा हरिमोहन मरांडी को आखिरकार शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में सरेंडर दिखाये जाने के आरोपों ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। हरिमोहन मरांडी को गोड्डा के महागामा प्रखंड स्थित खादहरा माल से गिरफ्तार किया गया।
शादी का वादा, फिर लगातार शोषण का आरोप
यह मामला वर्ष 2021 का है। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मोहुलपहाड़ी की एक आदिवासी युवती ने 8 मार्च 2021 को प्राथमिकी दर्ज कराते हुये इल्जाम लगाया था कि महागामा निवासी हरिमोहन मरांडी अपनी बहन से मिलने उसके ससुराल में आया था। उसकी बहन का ससुराल उसके गांव में ही है। इस दौरान उससे मिला और शादी का झांसा देकर उसके साथ देह का रिश्ता कायम कर लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपी उसे कई बार धनबाद के बलियापुर और दुमका भी ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने इनकार कर दिया और कथित तौर पर यह कहते हुये धमकाया कि “मैं पुलिस में हूं, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।” इसके बाद पीड़िता ने शिकारीपाड़ा थाना में मामला दर्ज कराया।
मामला दर्ज होते ही हुआ था निलंबित
प्राथमिकी दर्ज होने के समय हरिमोहन मरांडी धनबाद के बलियापुर थाना में पदस्थापित था। मामला सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दुमका पुलिस लाइन भेज दिया गया था। इसके बाद वह लंबे समय तक फरार रहा। मामले में पीड़िता के अधिवक्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाये हैं। उनका दावा है कि आरोपी को गुरुवार शाम ही गोड्डा से गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन शुक्रवार को उसे कोर्ट परिसर ले जाकर आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने का मौका दिया गया। वकील के अनुसार, अनुसंधानकर्ता राकेश भगत आरोपी को थाना से कोर्ट लेकर आये और वहां छोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस की मिलीभगत से सरेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इन आरोपों पर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है।
इसे भी पढ़ें : रैंकिंग में झारखंड ने देश के टॉप-3 ‘Achiever’ राज्यों में बनाई जगह…
इसे भी पढ़ें : सूर्यकुमार यादव मैदान से दूर, लेकिन दिल परिवार के पास, फैमिली मोमेंट वायरल…
इसे भी पढ़ें : घर में गणेश जी की तस्वीर कहां और कैसे लगायें, वास्तु मान्यतायें… जानें
इसे भी पढ़ें : वेनजुएला में बार-बार क्यों कांपती है धरती… जानें
इसे भी पढ़ें : मजबूत, चमकदार और हर दिन स्टाइलिश बालों के लिये आसान तरीका…








