Dumka : खेती की उम्मीद लेकर घर से निकला एक किसान कभी वापस नहीं लौटा। परिवार उसकी राह देखता-ताकता रहा, रिश्तेदारों के यहां खोजबीन होती रही, लेकिन सात दिन बाद जो खबर आई उसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र स्थित चांदना गांव के वनबाद जंगल में पलाश के पेड़ में लक्ष्मीकांत मंडल उर्फ लखिकांत मंडल लटका मिला। लाश बिल्कुल सड़ी-गली हालत में मिली। वह जामताड़ा के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के अगौया गांव का रहनेवाला था।
…और नहीं लौटा घर
परिजनों ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मीकांत करीब एक सप्ताह पहले घर से नाला बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। उन्हें खेती के लिये धान का बीज खरीदना था। शाम ढल गई, रात बीत गई, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटे। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बताया जाता है कि लक्ष्मीकांत की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी। परिजनों का कहना है कि वह अर्धविक्षिप्त प्रवृत्ति के थे, इसलिये उनके कहीं भटक जाने की आशंका भी जताई जा रही थी।
जंगल से उठती दुर्गंध ने खोल दिया राज
चांदना गांव का वनबाद इलाका घने जंगलों और सुनसान वातावरण के लिये जाना जाता है। यहां लोगों की आवाजाही बेहद कम रहती है। इसी वजह से कई दिनों तक किसी की नजर उस शव पर नहीं पड़ी। करीब सात दिन बाद जब आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैलने लगी, तब ग्रामीणों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। कुछ लोग साहस जुटाकर जंगल के भीतर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गये। एक पलाश के पेड़ से गमछे के फंदे के सहारे एक व्यक्ति का शव झूल रहा था, जो बुरी तरह सड़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा। शव की स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि चेहरे से पहचान करना संभव नहीं था।
थैले और कपड़ों से हुई पहचान
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को मृतक का एक थैला, गमछा, लूंगी, कमीज, फुल पैंट, 1100 रुपये नकद और एक दुकान की पर्ची बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सामान की तस्वीरें सोशल मीडिया और विभिन्न थानों के माध्यम से साझा कीं। तस्वीरें देखने के बाद जामताड़ा से पहुंचे परिजनों ने सामान की पहचान की और रोते-बिलखते हुये मृतक की शिनाख्त लक्ष्मीकांत मंडल के रूप में की। मृतक के भाई अधीर मंडल के बयान पर मसलिया थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतेजार है।
इसे भी पढ़ें : क्या आपकी गाड़ी झेल पायेगी नया ईंधन… सच्चाई जानें
इसे भी पढ़ें : इन महिला IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन…
इसे भी पढ़ें : 14 जून तक कई मेमू ट्रेनें रद्द… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : 87 रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे नये टाइम टेबल बोर्ड, मिलेगी स्मार्ट सुविधा…
इसे भी पढ़ें : सरकार पर बरसे पंकज मिश्र, क्या बोल गये… जानें










